जनरल स्टोर का करकट काटकर 50 हजार का सामान चोरी, ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर पेड़ से बांधा
चोर को बांध कर रखे ग्रामीण
बिदुपुर में चोरों ने किराना दुकान का करकट काटकर 10 हजार नकद और 50 हजार का सामान चुराया। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत है।
Hajipur News : बिदुपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. शनिवार की देर रात मायाराम हाट-चकसिकंदर मार्ग स्थित एक जनरल स्टोर का करकट काटकर चोर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद समेत लगभग 50 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर फरार हो गए. वहीं दूसरी घटना में अमेर गांव की सीमा पर ग्रामीणों ने चोरी के सामान के साथ एक संदिग्ध को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गयी.
करकट काटकर दुकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जनरल स्टोर संचालक विमल राय दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का करकट कटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी. दुकानदार ने बताया कि चोर करीब 10 हजार रुपये नकद, सिगरेट के पांच पैकेट समेत लगभग 50 हजार रुपये मूल्य का अन्य किराना सामान लेकर फरार हो गए.
दो रात में दो दुकानों में चोरी से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरी की इस घटना से एक दिन पहले शुक्रवार की रात भी जनरल स्टोर के बगल स्थित एक फल दुकान में चोरी हुई थी. लगातार दो रात चोरी की घटनाओं से मायाराम हाट के दुकानदारों में भय और आक्रोश है. दुकानदारों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है.
चोरी के सामान के साथ युवक पकड़ा, पेड़ से बांधकर पीटा
दूसरी घटना में अमेर गांव की सीमा पर ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गयी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
कानून हाथ में लेने की घटनाओं पर भी चिंता
क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच ग्रामीणों द्वारा कानून हाथ में लेने की घटनाएं भी चिंता का विषय बन गयी हैं. इससे पहले हरपुर गोपाल में चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की पिटाई की गयी थी. वहीं जुड़ावनपुर में मवेशी चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को रातभर पीटने के बाद पुलिस के हवाले किया गया था.
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि करकटनुमा दुकान में चोरी की सूचना मिली है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
Also Read: यात्रियों को राहत: भागलपुर के लिए दानापुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए टाइम टेबल और रूट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











