वैशाली: राघोपुर में 703 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद, चार तस्करों पर प्राथमिकी
पुलिस द्वारा बरामद शराब की खेप | Prabhat Khabar Network
राघोपुर थाना पुलिस ने जगदीशपुर मीरमपुर गांव में छापेमारी कर 703 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद की है। चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश जारी है।
Hajipur News : राघोपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जगदीशपुर मीरमपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की. पुलिस को देखते ही शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में विभिन्न ब्रांड की कुल 703.53 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई.
पिकअप से शराब लाकर उतारने की मिली थी सूचना
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जगदीशपुर मीरमपुर निवासी बैजनाथ राय, दीपक कुमार और कारू राय पिकअप से अंग्रेजी शराब की खेप लाकर विजय राय के दरवाजे पर उतार रहे हैं. वहां से शराब की बिक्री करने की तैयारी थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम एकरसिया पुल होते हुए मौके के लिए रवाना हुई.
पुलिस को देखते ही छोड़कर भागे कार्टून
पुलिस बल जैसे ही विजय राय के घर के पास पहुंचा, कार्टून ढो रहे लोग पुलिस को देखकर शराब छोड़कर भागने लगे. पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार होने में सफल रहे.
चार लोगों की हुई पहचान
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की. इसके बाद फरार लोगों की पहचान कारू राय, बैजनाथ राय, दीपक कुमार और घर के मालिक विजय राय के रूप में हुई. पुलिस ने नियमानुसार विजय राय के घर की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई. बरामद शराब को जब्त कर थाने लाया गया.
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इस मामले में पुलिस ने बैजनाथ राय, दीपक कुमार, कारू राय और विजय राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











