राजापाकर में राजस्व महाअभियान के तहत शिविर का आयोजन, भूमि संबंधी आवेदन पोर्टल पर अपलोड

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

राजस्व महाअभियान 2026 के तहत शिविर का आयोजन।

Hajipur News: वैशाली जिले के राजापाकर अंचल कार्यालय द्वारा किसान भवन बसरा के परिसर में राजस्व महाअभियान 2026 के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया. अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े आवेदनों की स्कैनिंग कर उन्हें बिहार भूमि पोर्टल पर अपलोड किया गया है. राजस्व विभाग के निर्देशानुसार 11 जून से 17 जून तक चलने वाले इस अभियान में आम जनता से आवेदन लिए जा रहे हैं और उनका ऑनलाइन निष्पादन किया जा रहा है.

विज्ञापन

Hajipur News (नीरज कुमार की रिपोर्ट): वैशाली जिले के राजापाकर अंचल कार्यालय द्वारा किसान भवन बसरा के परिसर में राजस्व महाअभियान 2026 के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद से संबंधित विभिन्न मामलों, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) और परिमार्जन सहित राजस्व से जुड़े अन्य कार्यों का त्वरित निष्पादन करना था. शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय रैयतों और आम जनता ने पहुंचकर भूमि संबंधी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए.

बिहार भूमि पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किए गए आवेदन

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए राजापाकर के अंचलाधिकारी (सीओ) गौरव कुमार ने बताया कि राजस्व महाअभियान 2026 के तहत शिविर में आम जनता से प्राप्त किए गए विभिन्न आवेदनों की मौके पर ही स्कैनिंग की गई. इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेजों को बिहार भूमि पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया. इसके साथ ही उन सभी आवेदनों को भी पोर्टल पर सुधार हेतु अपलोड किया गया है, जो रैयतों द्वारा पूर्व में परिमार्जन कार्य के लिए जमा कराए गए थे.

11 जून से 17 जून तक चलेगा विशेष अभियान

ज्ञात हो कि राजस्व विभाग, बिहार सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में राजस्व महाअभियान 2026 चलाया जा रहा है. इसके तहत 11 जून से 17 जून तक विशेष शिविरों का आयोजन कर सभी प्राप्त आवेदनों को अनिवार्य रूप से बिहार भूमि पोर्टल पर अपलोड किया जाना है. इस समयावधि के दौरान आम जनता से भूमि संबंधी विभिन्न विवादों के आवेदन, म्यूटेशन और परिमार्जन के नए आवेदन भी सीधे स्वीकार किए जाएंगे, ताकि लोगों को अंचल कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें.

राजस्व कर्मचारी और अमीन कार्य में जुटे

इस महाअभियान को सफल बनाने और ऑनलाइन अपलोडिंग के कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में विभागीय कर्मी जुटे रहे. इस कार्य में राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, मुनाजिर हुसैन, बलवीर कुमार, सूरज कुमार, प्रियबरत कुमार के साथ-साथ अंचल के सभी 11 अमीन पूरी मुस्तैदी से शामिल हुए. कार्य में मुख्य रूप से निशांत कुमार, राहुल कुमार, नरेश कुमार, राजलक्ष्मी कुमारी, स्वाति कुमारी एवं अन्य कर्मियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई.

Also Read: राजापाकर में जैविक खेती पर जोर, किसानों को हरित खाद और संतुलित उर्वरक उपयोग की दी जानकारी

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन