बिदुपुर बाजार में बाल श्रम टास्क फोर्स की छापेमारी, 13 वर्षीय बाल श्रमिक मुक्त, संचालक पर FIR
बरांटी थाना, वैशाली
Hajipur News: वैशाली जिले के राजापाकर-बराटी थाना क्षेत्र के बिदुपुर बाजार में बाल श्रम उन्मूलन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है. श्रम संसाधन विभाग की टीम ने राधा रमण चौक स्थित मेसर्स भूषण किराना स्टोर में छापेमारी कर एक 13 वर्षीय बाल श्रमिक को मुक्त कराया. इस मामले में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के आवेदन पर दुकान संचालक भूषण साह के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
Hajipur News (राजापाकर से नीरज कुमार की रिपोर्ट): श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की टीम ने बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है. राजापाकर और बराटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिदुपुर बाजार की एक किराना दुकान में छापेमारी कर एक बाल श्रमिक को सुरक्षित मुक्त कराया गया है. इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. यह कार्रवाई जिला स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन टास्क फोर्स द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई.
13 वर्षीय किशोर को कराया गया मुक्त
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बिदुपुर द्वारा बराटी थाना अध्यक्ष को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, टास्क फोर्स की टीम ने बराटी थाना क्षेत्र के राधा रमण चौक स्थित मेसर्स भूषण किराना स्टोर में औचक छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान में काम कर रहे एक 13 वर्षीय बाल श्रमिक को काम करते हुए पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत अपनी कस्टडी में लेकर मुक्त करा लिया.
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष किया गया पेश
थाने में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि इस विशेष अभियान में बिदुपुर, राजापाकर, वैशाली एवं गोरौल के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान भी शामिल थे. दुकान से मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को आगे की आवश्यक और कानूनी कार्रवाई के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) वैशाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां उसके पुनर्वास को लेकर प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
दुकान संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान या दुकान में काम पर रखना बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 तथा संशोधित अधिनियम 2016 के तहत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है. इसी कानूनी प्रावधान के आधार पर बिदुपुर स्टेशन निवासी एवं मेसर्स भूषण किराना स्टोर के संचालक भूषण साह के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई में जुट गई है.
Also Read: लालगंज में खरीफ फसल महाअभियान के तहत किसान प्रशिक्षण कार्यशाला, योजनाओं की जानकारी दी गई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










