हाजीपुर में मोबाइल दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग, उद्घाटन के दो दिन बाद बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, बाल-बाल बचे लोग

Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

गोली लगने से क्षतिग्रस्त काउंटर का शीशा। फोटो- प्रभात खबर

Hajipur Mobile Shop Firing: हाजीपुर के जढुआ कर्णपुरा में मोबाइल रिपेयरिंग और श्रृंगार दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकान का काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने मौके से खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

हाजीपुर से अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट
Hajipur Mobile Shop Firing: हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जढुआ कर्णपुरा स्थित मोबाइल रिपेयरिंग और श्रृंगार दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने गोलीबारी की, हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ. घटना बीते रविवार देर रात की बताई गई है. मौके पर मौजूद दुकानदार गोलीबारी की आवाज सुनकर अपनी जान बचाकर भागे. गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए. गोली से दुकान का काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया. गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर एवं आसपास के दुकानदार जुट गए. घटना की जानकारी नगर थाना एवं जढुआ ओपी की पुलिस पदाधिकारी को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर दुकानदार से घटना के संबंध में जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया.

एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना पर सोमवार को सदर एसडीपीओ वन सुबोध कुमार नगर थाने की पुलिस पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना के संबंध में पीड़ित दुकानदारों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की. पुलिस आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की सघन जांच पड़ताल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन करने की बात कही है.

नई दुकान की ओपनिंग के बाद वारदात

घटना के संबंध में दुकानदार रंजीत कुमार ने बताया कि श्रृंगार दुकान की बीते 20 तारीख को ही ओपनिंग हुई थी. रविवार की रात्रि को वे लोग दुकान बंद कर रहे थे, इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और अचानक तीन राउंड गोलियां दुकान पर चला दीं. वे लोग गोली की आवाज सुनकर अचानक वहां से भाग कर अपनी जान बचाए. गोली चलाने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गया. दुकानदार ने बताया कि बाइक सवार बदमाश उनको जान से मारने की कोशिश कर रहे थे, जबकि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद भी नहीं है. गोली चलने के दौरान रंजीत कुमार के साथ उनके भाई मंजीत शर्मा और पत्नी श्वेता शर्मा भी वहां मौजूद थीं.

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश

गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोग एवं दुकानदारों में काफी दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की गश्ती को लेकर नाराजगी भी है. एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि रविवार की रात्रि जढुआ करणपुरा में एक मोबाइल दुकान पर गोली चलने की बात सामने आई थी, जिसके तुरंत बाद जढुआ ओपी के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर दो खोखा बरामद किया गया. अभी मोबाइल दुकानदार और उसके भाइयों से बात हुई है और उनके द्वारा घटना से संबंधित विभिन्न इनपुट दिए गए हैं. हम लोग विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रहे हैं. सीसीटीवी देखने से पता चला कि बाइक सवार दो व्यक्तियों द्वारा गोली चलाई गई है, जिनकी गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read: NEET परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़, हाजीपुर में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार

विज्ञापन
Vikash Jha

लेखक के बारे में

By Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन