हाजीपुर में जनता दरबार, डीएम के सामने पहुंचे 89 परिवाद; सात दिनों में कार्रवाई का निर्देश
जनता दरबार में डीएम को फरियाद सुनाती बुजुर्ग महिला
हाजीपुर में आयोजित जनता दरबार में जिला पदाधिकारी ने 89 परिवादों का अवलोकन किया. विभिन्न विभागों से संबंधित इन शिकायतों पर सात दिनों के भीतर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है.
Hajipur Janata Darbar: सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं थाना स्तर पर कुल 177 आवेदनों का अवलोकन एवं निस्तारण किया गया.
डीएम के जनता दरबार में मिले 89 परिवाद
हाजीपुर समाहरणालय में जिला पदाधिकारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं. डीएम के जनता दरबार में कुल 89 परिवाद प्राप्त हुए. प्राप्त परिवाद राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, डीएसओ, आईसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे.
सात दिनों में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त परिवादों पर सात दिनों के अंदर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा.
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान करना है. प्राप्त परिवादों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं गंभीरता बरतते हुए समयसीमा का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
जनता दरबार कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











