वैशाली में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, घरों पर चिपकाया गया इश्तिहार, सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की
इश्तिहार चिपकाते पुलिस पदाधिकारी
Hajipur News: जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने कड़े कदम उठाए हैं. फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तिहार चिपकाए गए हैं. पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी.
Hajipur News: जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है. एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर न्यायालय से प्राप्त इश्तिहार चिपकाया है.
पुलिस की विशेष टीम संबंधित आरोपियों के घर पहुंची और विधिवत ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तिहार चिपकाने की कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे उन्हें जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित करें.
आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की की कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में फरार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस कार्रवाई से मचा हड़कंप
जिलेभर में चलाए जा रहे इस अभियान से फरार आरोपियों और उनके सहयोगियों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण कई आरोपियों पर जल्द आत्मसमर्पण करने का दबाव बढ़ गया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
अपराधियों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है. फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी निरंतर छापेमारी अभियान जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कुर्की-जब्ती जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









