gopalganj news : आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

Edited by SHAILESH KUMAR
Updated:
विज्ञापन

gopalganj news : उचकागांव थाने क्षेत्र के कवही ईदगाह के पास चंवर से बरामद हुआ शव

विज्ञापन

gopalganj news : उचकागांव. थाना क्षेत्र के सांखे बाजार से कवही जाने वाले मार्ग पर ईदगाह के समीप चंवर में शनिवार की दोपहर बाद एक आम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव लटका मिला.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृत युवक की पहचान थाना क्षेत्र के सांखे खास गांव के पचमवा टोला निवासी कृष्ण यादव के पुत्र साहिल यादव के रूप में की गयी है. ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देख इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

युवक के शरीर पर थी केवल गंजी

पुलिस के अनुसार युवक का शव आम के पेड़ की डाल से रस्सी और एक शर्ट के सहारे लटका हुआ था. मृतक के शरीर पर केवल गंजी थी. पुलिस ने युवक की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता कोलकाता में रेल विभाग में कार्यरत हैं. वह कुछ दिन पहले गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आये थे और पांच दिन पूर्व वापस कोलकाता लौट गये थे. मृतक की मां शांति देवी की लगभग दस वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी. बाद में उसके पिता ने दूसरी शादी की थी.

क्रिकेट खेलने के बाद दोस्तों संग गया था युवक

परिजनों का आरोप है कि साहिल शनिवार सुबह गांव के पास तुलसिया चंवर में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कुछ बाइक सवार युवक उसे अपने साथ बुलाकर ले गये. इसके बाद उसका शव कवही गांव के चंवर में पेड़ से लटका मिला. घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने कई साक्ष्य जुटाये हैं. परिजन मामले में हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
SHAILESH KUMAR

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन