गोपालगंज के इस सरकारी अस्पताल का हाल बेहाल, गेट पर जलजमाव से बिना इलाज लौट रहे मरीज

अस्पताल परिसर के गेट पर लगा पानी
Gopalganj Panchdevari CHC waterlogging : गोपालगंज के पंचदेवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य गेट पर जलजमाव की गंभीर समस्या है. लगातार बारिश से बने गड्ढों में मरीज गिर रहे हैं और इलाज के बिना वापस लौट रहे हैं. ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
Gopalganj Panchdevari CHC waterlogging : गोपालगंज के पंचदेवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में लगातार बारिश के कारण अस्पताल के मुख्य गेट पर जलजमाव हो गया है. गेट के सामने पानी भरने और गड्ढे बनने से मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अस्पताल के गेट पर 30 फुट तक जलजमाव
लगातार बारिश के कारण पंचदेवरी सीएचसी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने करीब 30 फुट तक पानी जमा हो गया है. जलजमाव के साथ सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से अस्पताल आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मरीजों और उनके परिजनों को पानी से होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है.
गिरने के डर से मरीज लौट रहे वापस
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिदिन कोई न कोई मरीज असंतुलित होकर पानी में गिर रहा है. कई मरीज गेट तक पहुंचने के बाद गिरने के डर से बिना इलाज कराए ही वापस लौट जा रहे हैं. इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है.
वर्षों से बनी है जलजमाव की समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में अस्पताल के गेट पर जलजमाव हो जाता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है, जिससे मरीजों की चिंता और बढ़ जाती है.
पक्की सड़क बनने से मिलेगी स्थायी राहत
स्वास्थ्य प्रबंधक गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार जलजमाव वाले स्थान पर मिट्टी डलवाई गई, लेकिन इससे केवल अस्थायी राहत मिली. उन्होंने कहा कि एनएच-727बी से अस्पताल के मुख्य गेट तक सड़क का पक्कीकरण होने के बाद ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
डॉ. संतोष सिंह, दुर्गेश सिंह समेत कई स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
बीडीओ बोले, जल्द बनेगी पक्की सड़क
पंचदेवरी के बीडीओ आयुष राज आलोक ने बताया कि अस्पताल गेट पर जलजमाव की समस्या की जानकारी मिल चुकी है. इसे योजना में शामिल कर लिया गया है और पंचायत समिति के माध्यम से जल्द ही अस्पताल के मुख्य गेट तक सड़क का पक्कीकरण कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










