गोपालगंज की इस 13 किमी सड़क पर 73 जगह जलजमाव, थावे जाने वाले श्रद्धालु और ग्रामीण रोज झेल रहे परेशानी

Updated:
विज्ञापन

उचकागांव प्रखंड के त्रिलोकपुर गांव में सड़क पर जल जमाव

गोपालगंज की लाइन बाजार-थावे सड़क जलजमाव और गड्ढों से बदहाल है, जिससे क्षेत्र का संपर्क जिला मुख्यालय और थावे से बाधित हो रहा है. बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे यात्रियों को रोज जोखिम उठाना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Gopalganj Waterlogging Line Bazar-Thawe Road : गोपालगंज जिले के पश्चिमी क्षेत्र को प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे और जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली लाइन बाजार-थावे सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. करीब 13 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 73 स्थानों पर जलजमाव होने से आवागमन प्रभावित हो गया है. सड़क पर बने गड्ढों और भरे पानी के कारण लोगों को हर दिन जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है.

श्रद्धालुओं और ग्रामीणों पर सबसे ज्यादा असर

भोरे, पंचदेवरी, विजयपुर, कटेया और फुलवरिया प्रखंड के सैकड़ों गांवों के लोग इसी सड़क के माध्यम से जिला मुख्यालय और प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे पहुंचते हैं. सावन समेत अन्य धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से परेशानी और अधिक बढ़ जाती है. दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी लंबी जाम जैसी स्थिति और खराब सड़क का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश के बाद हालात हुए और गंभीर

हाल की बारिश के बाद सड़क के कई हिस्सों में पानी भर गया है. जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और अन्य वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना रहता है. स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन राहगीर फिसलकर घायल हो रहे हैं.

स्थानीय स्तर पर मेढ़ बनने से भी बढ़ी समस्या

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ स्थानों पर सड़क किनारे स्थानीय स्तर पर मेढ़ बना दिए जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई है. इसके कारण कई हिस्सों में लंबे समय तक जलजमाव बना रहता है. पानी भरे रहने से सड़क तेजी से टूट रही है और गड्ढों की संख्या भी बढ़ती जा रही है.

तीन प्रखंड, दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला अहम मार्ग

लाइन बाजार से जमसड़, त्रिलोकपुर, जमससड़ी, लुहसी और अरना बाजार होते हुए थावे तक जाने वाला यह मार्ग तीन प्रखंडों, दो विधानसभा क्षेत्रों और एक अनुमंडल को जोड़ता है. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की दिशा में प्रभावी पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

ग्रामीणों ने सड़क सुधार की उठाई मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

Also Read : गोपालगंज : महम्मदपुर थाने पहुंचे एसपी विनय तिवारी, लंबित कांडों और शराबबंदी पर दिए सख्त निर्देश


विज्ञापन
प्रशांत पाठक

लेखक के बारे में

By प्रशांत पाठक

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन