गोपालगंज में विदेश जाने का सपना अधूरा, सड़क हादसे में युवक की मौत; साथी गंभीर

मृतक का फाइल फोटो
गोपालगंज के उचकागांव में विदेश जाने के लिए इंटरव्यू देने जा रहे युवक मंतोष कुमार यादव की सड़क हादसे में मौत हो गयी. हादसे में साथी गंभीर घायल है.
Gopalganj News: विदेश जाकर रोजगार करने और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने का सपना देख रहे उचकागांव थाना क्षेत्र के जमसड़ हाता गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. युवक अपने साथी के साथ बाइक से विदेश जाने के लिए एक कंपनी द्वारा आयोजित साक्षात्कार में शामिल होने जा रहा था. इसी दौरान गोपालपुर थाना क्षेत्र के समीप उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गयी. हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक की पहचान जमसड़ हाता गांव निवासी रामविद्या चौधरी के पुत्र मंतोष कुमार यादव के रूप में हुई है. वहीं, घायल साथी की पहचान गांव के ही पन्नालाल यादव के रूप में हुई है.
साक्षात्कार देने जाते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार, मंतोष कुमार यादव बुधवार को गांव के ही अपने साथी पन्नालाल यादव के साथ विदेश जाने के लिए एक कंपनी की ओर से आयोजित साक्षात्कार में शामिल होने बाइक से निकले थे. दोनों गोपालपुर थाना क्षेत्र के समीप पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंतोष कुमार यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घायल पन्नालाल यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुचायकोट पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर के एक अस्पताल लेकर गये, जहां उनकी हालत नाजुक बतायी जा रही है.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंतोष कुमार यादव का शव पैतृक गांव जमसड़ हाता पहुंचा. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के पिता रामविद्या चौधरी, पत्नी पिंकी देवी, बड़े भाई संतोष यादव और अशोक कुमार यादव का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया.
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों ने बताया कि मंतोष कुमार यादव का विवाह वर्ष 2015 में सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के तिवारी टोला निवासी पिंकी देवी के साथ हुआ था. उनके परिवार में छह वर्षीय पुत्र आयुष कुमार, चार वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी और डेढ़ वर्षीय पुत्र रियांश हैं. पिता की मौत से तीनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया है. बच्चों को अभी इस दुखद घटना की पूरी जानकारी तक नहीं है. वहीं, पति की मौत के बाद पत्नी पिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो माह पहले ही दूसरे प्रदेश से लौटे थे मंतोष
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंतोष कुमार यादव करीब दो माह पहले ही दूसरे प्रदेश से कमाकर घर लौटे थे. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए वह विदेश जाकर रोजगार करने की तैयारी कर रहे थे. इसी उद्देश्य से कंपनी के साक्षात्कार में शामिल होने के लिए साथी के साथ निकले थे. लेकिन विदेश जाने का उनका सपना पूरा होने से पहले ही सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली. घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











