Gopalganj News : रहें सावधान! गुलाल में भी केमिकल, कहीं उड़ा न दे चेहरे का रंग
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 25 Feb 2025 3:48 PM
Gopalganj News : खाद्य पदार्थों को जहरीला बनाने के बाद मिलावटखोरों ने रंग-गुलाल को भी नहीं छोड़ा है. बाजार में ऐसे गुलाल आये हैं जिसे लगाने पर शरीर में एलर्जी हो सकती है.
गोपालगंज. खाद्य पदार्थों को जहरीला बनाने के बाद मिलावटखोरों ने रंग-गुलाल को भी नहीं छोड़ा है. बाजार में ऐसे गुलाल आये हैं जिसे लगाने पर शरीर में एलर्जी हो सकती है. मिट्टी और चावल के आटे में केमिकल और रंग डालकर इसे तैयार किया गया है. चिंता की बात यह है कि ये मिलावटी चमकदार गुलाल ज्यादातर दुकानों तक पहुंच भी गये हैं. व्यापारियों की मानें तो गोपालगंज में होली के समय रंग-गुलाल का करीब तीन करोड़ का कारोबार होता है. इसको लेकर मुनाफाखोर आपकी सेहत से खिलवाड़ करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं. आप सजग नहीं हुए, तो होली आपको बदरंग कर सकती है.
अबीर-गुलाल में ऐसे हो रहा मिलावट का खेल
सूत्रों ने बताया कि बाजार में आमतौर पर तीन तरह के गुलाल आते हैं. पहला वह जिसमें मिट्टी रहती है. इसे केमिकल और रंग डालकर तैयार किया जाता है. थोक में इसका रेट 12 से 15 रुपये प्रति किलोग्राम है. दूसरे प्रकार के अबीर में चावल का आटा मिलाया जाता है. इसकी कीमत 40 से 45 रुपये है. चेहरे पर लगाने पर यह थोड़ा मुलायम रहता है लेकिन इसमें उस चावल का इस्तेमाल किया जाता है जिसे खराब होने पर दुकान से हटा दिया जाता है. इस चावल को पीसकर आटा बनाया जाता है. इसके बाद मिक्सर में रंग, केमिकल और आटे को खूब मिलाया जाता है. तीसरा आरारोट का बना गुलाल है. इसकी कीमत 60 से 65 रुपये है. इसमें भी केमिकल है लेकिन नुकसान कम है. इसके अलावा एक हर्बल गुलाल भी है लेकिन ज्यादातर दुकानदार अरारोट के गुलाल को ही हर्बल बताकर बेच रहे हैं. ग्राहक पकड़ न पाये इसके लिए गुलाल में खुशबू के लिए फ्रेगरेंस मिलाया जाता है.चमक से करें पहचान
गुलाल के कारोबारी दिनेश बगौरिया ने बताया कि गुलाल खरीदते समय सस्ते सामान पर न जाएं. गुलाल का रंग यदि ज्यादा गाढ़ा है, तो उसे न खरीदें. उसमें मिट्टी या चावल का आटा मिला हो सकता है. हर्बल गुलाल सही है. इसमें रंग हल्का होता है जिससे कोई नुकसान नहीं होता. बहुत सारे व्यापारी आरारोट वाले गुलाल को ही हर्बल बताकर बेच देते हैं जिससे बचने की जरूरत है.चेहरे पर हो सकती है एलर्जी और जलन
डॉ मंकेश्वर सिंह ने बताया कि मिलावटी गुलाल लगाने से चेहरे को कई नुकसान हो सकते हैं. इसमें मौजूद रासायनिक पदार्थ त्वचा के जलन का कारण बन सकते हैं. कई बार इससे त्वचा पर सूजन भी हो जाता है. ज्यादा देर तक चेहरे पर रहने पर इससे खुजली और एलर्जी भी हो सकती है. इससे फेफड़ों की समस्या और त्वचा में संक्रमण भी हो सकता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










