Gopalganj News : हमलावरों ने खेतों में दौड़ा कर युवक को मारा चाकू, पीएमसीएच में चल रहा इलाज

Updated:
विज्ञापन
Gopalganj News  : हमलावरों ने खेतों में दौड़ा कर युवक को मारा चाकू, पीएमसीएच में चल रहा इलाज

Gopalganj News : बरौली. थाना क्षेत्र के भड़कुइयां तिवारी टोला में गुरुवार की देर शाम दो बाइकों पर सवार चार हमलावर पहुंचे तथा एक युवक को दौड़ा कर चाकू के आठ वार कर दिये.

विज्ञापन

बरौली. थाना क्षेत्र के भड़कुइयां तिवारी टोला में गुरुवार की देर शाम दो बाइकों पर सवार चार हमलावर पहुंचे तथा एक युवक को दौड़ा कर चाकू के आठ वार कर दिये. जख्मी युवक भड़कुइयां के विजय तिवारी का 20 वर्षीय बेटा आकाश कुमार है, जो हमलावरों के डर से भागता रहा, हमलावर उसे दौड़ाते रहे, अंतत: खेतों में वह पकड़ा गया और हमलावरों ने चाकू के ताबड़तोड़ वार से उसे धराशायी कर दिया.

ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर हुए फरार

पूरे घटनाक्रम में ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाये और जब तक कुछ समझते, तब तक हमलावर अपना काम करके भाग चुके थे. हमलावर दो बाइक पर दो-दो की संख्या में सवार थे और चाकू लहरा रहे थे. उनको चाकू लहराते देखकर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हो रही थी और अधिकतर ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गये. गांव में एक तिलक समारोह में जमा लोगों ने इस घटना को देखा और दौड़े, तो हमलावर छोड़ कर भागे. ग्रामीणों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल से भी घायल को पीएमसीएच में रेफर कर दिया गया. वहां वह जीवन और मौत से जूझ रहा है. घायल को माथे पर, दोनों कंधो पर तथा पीठ आदि में मिलाकर आठ वार किये गये हैं. घटना का कारण पूर्व में सोशल साइट पर कमेंट तथा गाली-गलौज बताया गया है.

चाकूबाजी से पहले भी गांधी चौक पर हुई थी मारपीट

चाकूबाजी से पहले गांधी चौक पर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी और इसमें भड़कुइयां तिवारी टोले के रामजी सिंह का बेटा रितिक कुमार तथा दूसरे पक्ष से एक और घायल हुआ था. दोनों का इलाज अस्पताल में होने के बाद अपने अपने घर चले गये थे. करीब आधा घंटा बाद दूसरे पक्ष के चार लोग दो बाइकों पर सवार होकर तिवारी टोला पहुंचे और चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया. मिली जानकारी के अनुसार घायल आकाश तिवारी भी मारपीट में शामिल था. घायल की चाची ज्ञांति देवी ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. आवेदन में कहा गया है कि दो बाइक पर सवार चार लोग उसके दरवाजे पर चाकू लहराते आये तथा आकाश को खोजने लगे. आकाश को देखते ही चाकू से वार किया, लेकिन वह बच गया तथा भागने लगा. हमलावरों ने उसे दौड़ा कर खेतों में पकड़ा तथा चाकू मारकर घायल कर दिया. आवेदन में अविनाश सिंह, पीयूष कुमार सिंह, रोहित कुमार तथा शुभम कुमार सिंह को नामित किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Gurudutt Nath

लेखक के बारे में

By Gurudutt Nath

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन