गोपालगंज: अपार आईडी में लापरवाही पर 58 सरकारी स्कूलों को अंतिम चेतावनी, 24 जुलाई तक काम नहीं हुआ तो रुकेगा वेतन

Updated:
विज्ञापन
फोटो :- जिला शिक्षा विभाग  | Prabhat Khabar Network

जिला शिक्षा विभाग | Prabhat Khabar Network

गोपालगंज जिले में अपार आईडी निर्माण में लापरवाही करने वाले 58 सरकारी स्कूलों को शिक्षा विभाग ने अंतिम चेतावनी दी है. 24 जुलाई तक लक्ष्य पूरा न होने पर प्रधानाध्यापकों का वेतन रोका जाएगा और विभागीय कार्रवाई शुरू होगी.

विज्ञापन

Gopalganj News: गोपालगंज जिले में छात्रों के अपार (APAAR) आईडी निर्माण में लापरवाही बरतने वाले सरकारी विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. विभाग ने 58 सरकारी विद्यालयों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिया है कि 24 जुलाई तक आधार सत्यापित सभी छात्र-छात्राओं का अपार आईडी हर हाल में तैयार किया जाए. समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक का जुलाई माह का वेतन स्थगित कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

राज्य मुख्यालय की फटकार के बाद बढ़ी सख्ती

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यू-डायस प्लस (UDISE+) पोर्टल पर नामांकित सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है.

इसके बावजूद जिले के 58 विद्यालयों में बड़ी संख्या में आधार सत्यापित विद्यार्थियों का अपार आईडी अब तक नहीं बनाया गया है. इस मामले को राज्य परियोजना निदेशक ने साप्ताहिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई और लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए.

24 जुलाई तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ शिवम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अपार आईडी निर्माण का कार्य अब किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रहना चाहिए.

सभी संबंधित विद्यालयों को 24 जुलाई तक शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

वेतन स्थगित करने के साथ होगी विभागीय कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक का जुलाई माह का वेतन रोक दिया जाएगा. इसके अलावा उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी.

बीईओ और डाटा ऑपरेटरों को भी जिम्मेदारी

आदेश की प्रति सभी प्रखंडों के बीईओ, बीआईईडीएमसी और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को भी भेजी गई है.

उन्हें विद्यालयवार प्रगति की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आधार सत्यापित विद्यार्थियों का अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन