gopalganj news : भोरे में आंधी में पेड़ गिरने से ससुर की मौत, दामाद घायल

Updated:
विज्ञापन
gopalganj news : भोरे में आंधी में पेड़ गिरने से ससुर की मौत, दामाद घायल

gopalganj news : आज आनी थी बेटी की बारात, पिता की उठी अर्थी, मातम में बदला घर का माहौल

विज्ञापन

भोरे. शनिवार की सुबह अचानक आयी तेज आंधी और बारिश ने भोरे प्रखंड में एक बार फिर भारी तबाही मचायी. तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गये.

इस आंधी की चपेट में आकर भोरे सब्जी मंडी में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक विशाल पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि, उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी सत्यदेव बरनवाल (55 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, घायल व्यक्ति दीपक बरनवाल है, जो कटेया थाना क्षेत्र के सोहनरिया गांव के रहने वाला है. दीपक को गंभीर हालत में पहले भोरे रेफरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि सत्यदेव बरनवाल की बेटी की शादी रविवार को होने वाली थी. घर में मटकोर की रस्म शनिवार को ही पूरी हुई थी और शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं. इसी सिलसिले में वे सुबह सब्जी मंडी पहुंचे थे, जहां अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गयी. इसी दौरान मंडी परिसर में स्थित एक पुराना विशाल पेड़ तेज हवा में गिर गया, जिसकी चपेट में आकर सत्यदेव बरनवाल की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के वक्त उनका दामाद दीपक भी उनके साथ थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. एक ओर घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं. वहीं, अचानक हुए इस हादसे ने माहौल को पूरी तरह गमगीन कर दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गौरतलब है कि बीते तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है, जिससे कई गांवों में फसलों और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है.

बेटी की शादी के मंडप की जगह सजी पिता की अर्थी

सिसई गांव के सत्यदेव बरनवाल के घर में शनिवार की सुबह तक ढोल-नगाड़ों की गूंज थी. आंगन में रिश्तेदारों की चहल-पहल थी, बहनें और सहेलियां मंगलगीत गा रही थीं और बेटी की हथेलियों पर ताजा मेहंदी अभी सूख भी नहीं पायी थी. घर की छोटी बेटी की बारात रविवार को आने वाली थी. घर पूरी तरह दुल्हन की तरह सज चुका था. हर तरफ हंसी-ठिठोली, उत्साह और उल्लास था. शनिवार की सुबह मटकोर की रस्म बड़े धूमधाम से पूरी हुई. इसी सिलसिले में सत्यदेव बरनवाल अपने दामाद दीपक बरनवाल के साथ सब्जी खरीदने भोरे मंडी गये थे. घर के लोग इंतजार कर रहे थे कि वे लौटें, तो शादी की बची तैयारी पूरी की जाये. लेकिन नियति को कुछ और ही मंज़ूर था. तेज आंधी और बारिश ने मंडी में खड़ा एक विशाल पेड़ गिरा दिया, जो सीधा सत्यदेव बरनवाल और उनके दामाद पर आ गिरा. पेड़ की चपेट में आकर सत्यदेव की मौके पर ही मौत हो गयी और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया. जब यह खबर घर पहुंची, तो खुशी का माहौल चीखों और आंसुओं में तब्दील हो गया. दुल्हन बनी बेटी, जो अभी कुछ देर पहले तक मेहंदी दिखा कर मुस्कुरा रही थी, अब फूट-फूटकर रो रही है. उसकी आंखों में पिता को खोने का दर्द है. रिश्तेदार, जो शादी में शामिल होने आये थे, अब सांत्वना देने में जुटे हैं. आंगन जहां ढोल बज रहे थे, वहां अब सन्नाटा पसरा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shailesh Kumar

लेखक के बारे में

By Shailesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन