मिल में मजदूरों का हंगामा, गाड़ियां फूंकीं

Published at :22 Dec 2017 3:51 AM (IST)
विज्ञापन
मिल में मजदूरों का हंगामा, गाड़ियां फूंकीं

चीनी मिल हादसा. उग्र लोगों ने मिल मालिक पर बोला हमला, पुलिस ने बचायी जान सासामुसा : सासामुसा चीनी मिल में छह मजदूरों की मौत होने के बाद आक्रोशित लोगों ने उपद्रव शुरू कर दी. मुआवजा व नौकरी के लिए चीनी मिल परिसर में मौजूद गाड़ियाें को पेट्रोल छिड़क कर फूंक दिया. पुलिस की मौजूदगी […]

विज्ञापन

चीनी मिल हादसा. उग्र लोगों ने मिल मालिक पर बोला हमला, पुलिस ने बचायी जान

सासामुसा : सासामुसा चीनी मिल में छह मजदूरों की मौत होने के बाद आक्रोशित लोगों ने उपद्रव शुरू कर दी. मुआवजा व नौकरी के लिए चीनी मिल परिसर में मौजूद गाड़ियाें को पेट्रोल छिड़क कर फूंक दिया. पुलिस की मौजूदगी में गुरुवार की सुबह से दोपहर तक उपद्रव होता रहा. मिल मालिक के घर पर भी हमला कर दिया गया. हमले के दौरान बाहर से कमरा बंद कर आग लगा दी गयी. लूटपाट और तोड़फोड़ भी किया गया. आक्रोशित भीड़ के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही थी. मिल मालिक को आक्रोशित भीड़ मारना चाहती थी.
कमरे में बंधक बने मिल मालिक और उनके परिवार दहशत थी. हालांकि पुलिस अधीक्षक रवि रंजन कुमार और हथुआ एसडीपीओ मो़ इम्तियाज के अलावा काफी संख्या में फोर्स पहुंच चुकी थी. प्रभारी डीएम दयानंद मिश्र ने मिल मालिक को सुरक्षित कस्टडी में लेने के लिए पहल की. जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में परिजनों के साथ वार्ता करने के बाद माहौल कुछ देर के लिए शांत हुआ. लेकिन बाहर उपद्रवी शांत नहीं हुए. मिल मालिक को गिरफ्तार करने के साथ ही आश्रितों को नौकरी व 10 लाख रुपये मुआवजा की मांग पर अड़े रहे. वहीं मिल मालिक के दरवाजे पर खड़ी आधा दर्जन वाहनें जला दी गयी.
मिल परिसर में मौजूद ट्रैक्टर भी धूं-धूं कर जलने लगा. आग को बुझाने के लिए जब अग्निशमन की गाड़ियां पहुंची, तो उपद्रवियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी. जिसके कारण अग्निशमन चाह कर भी जल रही गाड़ियों को बुझा नहीं पायी. उपद्रवियों के बीच कई बार पुलिस के साथ भी नोंकझोक हुई. जिस स्थल पर ब्यालर ब्लास्ट हुआ था वहां भी आग लगा दिया गया था. हालांकि समय रहते अग्निशमन ने काबू पा लिया.
हथुआ एसडीपीओ मो. इम्तियाज लाउड स्पीकर से लोगों से शांति बनाये रखने की अपील कर रहे थे. पुलिस अधीक्षक व प्रभारी डीएम ने पीड़ित परिजनों से सरकार की ओर से मिलनेवाली सहायता को हर संभव दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद माहौल शांत हुआ. देर शाम तक मजदूरों की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी. कुचायकोट थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत देने की बात कही गयी है. मामले में जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर मिल प्रबंधक पर कार्रवाई की जायेगी.
एंबुलेंस में भी की तोड़फोड़ : गुरुवार को मृतकों को अस्पताल लाने के लिए चीनी मिल में पहुंची एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ किया गया. आक्रोशित परिजन मुआवजा राशि मिलने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े थे. हालांकि बाद में अधिकारियों ने पहल करते हुए एंबुलेंस को पीछे हटवा दिया. माहौल शांत होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
10 थानों से बुलानी पड़ी पुलिस : उपद्रव को देखते हुए कई थानों से पुलिस को बुलानी पड़ी. पुलिस अधीक्षक के अलावा मुख्यालय डीएसपी विभाष कुमार, हथुआ एसडीपीओ म. इम्तियाज, बरौली थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मांझा थानाध्यक्ष राजरुप राय, मीरगंज के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत, थावे थानाध्यक्ष गौतम कुमार समेत करीब 10 थानों से पुलिस बल मंगायी गयी थी. इसके अलावा महिला पुलिस को भी चीनी मिल के पास तैनात किया गया था.
विधायक ने शांति के लिए की अपील
सासामुसा चीनी मिल में पहुंचे स्थानीय विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने उपद्रव कर रहे लोगों से शांति के लिए अपील की. विधायक ने हंगामा व आगजनी कर रहे लोगों को समझा कानून को हाथ में नहीं लेने की अपील की. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद माहौल धीरे-धीरे शांत होने लगा.
आगे-आगे उपद्रवी, पीछे-पीछे पुलिस
गुरुवार को सासामुसा चीनी मिल में उपद्रवियों के आगे पुलिस बेबस थी. आगे-आगे उपद्रवी तोड़तोड़ व आगजनी कर रहे थे, पीछे-पीछे पुलिस दौड़ रही थी. उपद्रवियों के साथ पुलिस सख्ती से निबटना नहीं चाह रही थी. परिजनों में आक्रोश की स्थिति को देखते हुए बातचीत से मामले को सुलझाने में पुलिस जुटी थी.
क्षति का आकलन करायेगी मिल
मजदूरों की मौत के बाद चीनी मिल में हुए उपद्रव के दौरान पहुंचायी गयी क्षति का आकलन चीनी मिल प्रबंधन करायेगा. हालांकि इस पर कार्रवाई शुरू नहीं हो सका है. मिल प्रशासन के मुताबिक करोड़ों रुपये की क्षति आगजनी व तोड़तोड़ के दौरान हुई है. प्रशासनिक स्तर पर भी मिल में हुए हादसों की जांच की जा रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन