गया जी में मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत, लेकिन जलजमाव ने खोली नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल

बारिश से सड़कों पर जलजमाव | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji Weather : गया जी में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और धान रोपनी की उम्मीद बढ़ी. वहीं शहर के कई इलाकों में जलजमाव और नालियों की खराब व्यवस्था सामने आई.
Gaya Ji Weather : कई दिनों से मौसम के गर्म मिजाज को रविवार की दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से थोड़ी ठंडक मिली है. भीषण गर्मी से बेहाल लोगों ने इस बारिश के बाद राहत की सांस ली. वहीं दूसरी ओर, खेतों में पानी आने से किसानों के चेहरे पर भी थोड़ी खुशी देखी गयी. दरअसल, धान की रोपनी का समय लगातार निकलता जा रहा है और ऐसे में बारिश नहीं होने से किसान काफी मायूस नजर आ रहे थे.
आसाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि तक धान के खेतों में दरारें देख किसान परेशान थे. हालांकि, मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक रात से लेकर सोमवार तक और मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है.
थोड़ी सी बारिश में घरों और गलियों में घुसा पानी
इधर, शहर में हुई इस बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल दी है. यह तो बस थोड़ी सी बारिश का नजारा है; अगर मूसलाधार बारिश घंटों तक या लगभग हर रोज होने लगे, तो नालियों की सफाई की कुव्यवस्था के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो जायेगा.
महज कुछ देर की बारिश में ही शहर के न्यू एरिया स्थित कई घरों में नाली का पानी घुसने लगा. यही बदतर स्थिति राजेंद्र आश्रम में चांदचौरा रोड की ट्रांसफॉर्मर वाली गली में देखने को मिली, जहां नाली और गली का पानी मिलकर एक हो गया. ऐसे में उधर से गुजरने वाले राहगीरों के नाले में डूबने की आशंका बनी रही.
सड़कों पर जलजमाव, नगर निगम कैंपस भी डूबा
शहर के रामसागर रोड, नाला रोड, शहीद रोड सहित कई मुख्य सड़कों की स्थिति यह थी कि जलजमाव अत्यधिक होने के कारण चारपहिया वाहनों को भी चलने में भारी परेशानी हुई. इन सड़कों पर पैदल आवाजाही तो कई घंटों के लिए पूरी तरह बाधित हो गयी.
ताज्जुब की बात तो तब हुई, जब पूरे शहर को जलजमाव से निजात दिलाने वाले खुद नगर निगम कार्यालय का पूरा कैंपस पानी से लबालब भर गया. इसके अलावा, केदारनाथ, केपी रोड और गोदाम जैसी प्रमुख व्यावसायिक मंडियों की हालत तो ऐसी हो गयी कि पूरा इलाका कीचड़ से सन गया, जिससे वहां व्यापारियों और आम लोगों का चलना काफी दुभर हो गया.
Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










