गया जी : शेरघाटी में रात 2 बजे हाफ पैंट और बैग लेकर घूम रहे थे 7 संदिग्ध, लोगों ने दबोचा

Updated:
विज्ञापन
चोरों के पास से बरामद सामग्री

चोरों के पास से बरामद सामग्री

Sherghati Theft Attempt : शेरघाटी के नई बाजार इलाके में देर रात चोरी की कोशिश नाकाम कर दी गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा, जबकि बाकी फरार हो गए. पकड़े गए संदिग्ध से चोरी के औजार बरामद हुए हैं.

विज्ञापन

Sherghati Theft Attempt : गया जी जिले के शेरघाटी में रविवार देर रात स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई. नई बाजार इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि उसके कई साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

रात दो बजे संदिग्ध हालत में घूम रहे थे युवक

शेरघाटी शहर के नई बाजार स्थित महुआटांड़ आहर के समीप रविवार देर रात करीब दो बजे छह से सात युवक हाफ पैंट पहनकर और हाथों में बैग लेकर गलियों में घूमते दिखाई दिए. स्थानीय लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद तुरंत शेरघाटी पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

बैग से मिले चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संदिग्ध युवकों के बैग में हथौड़ी, प्लास, सड़सी, पेचकस, गुलेल समेत अन्य औजार मौजूद थे. स्थानीय लोगों को आशंका हुई कि सभी युवक चोरी की नीयत से इलाके की गलियों में घूम रहे थे.

घेराबंदी के दौरान एक संदिग्ध गिरफ्तार

सूचना मिलते ही शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस और स्थानीय लोगों को देखकर सभी संदिग्ध भागने लगे. इस दौरान एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

भागते समय पुलिस और लोगों पर चलाए गुलेल के गोले

स्थानीय लोगों के अनुसार भागने के दौरान फरार हो रहे संदिग्धों ने अपने पास मौजूद गुलेल से पुलिसकर्मियों और उनका पीछा कर रहे लोगों पर निशाना साधकर गोले चलाए. इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को मामूली चोटें आईं. पकड़े गए संदिग्ध की मौके पर कुछ लोगों ने पिटाई भी कर दी, जिसके बाद पुलिस उसे अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई.

पहचान छिपा रहा है पकड़ा गया संदिग्ध

सूत्रों के अनुसार पकड़े गए संदिग्ध ने अब तक अपनी सही पहचान नहीं बताई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. हालांकि इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

लगातार हो रही चोरियों से परेशान हैं लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब पखवाड़े से नई बाजार इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. आधा दर्जन से अधिक घरों से नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है. लोगों का आरोप है कि कुछ लोग सामान बेचने के बहाने पहले इलाके की रेकी करते हैं और बाद में उनके साथी रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं.

स्थानीय लोगों ने जारी की सतर्कता की अपील

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुहल्ले के लोगों से अपील की है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति या महिला सामान बेचने के बहाने इलाके में आए तो उससे सतर्क रहें. लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है.

Also Read : 30 जुलाई से शुरू होगा सावन, गया जी के शिवालयों में तेज हुई तैयारियां, हर सोमवारी मार्कण्डेय शिव मंदिर में होगा विशेष श्रृंगार


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन