गया में शॉर्ट सर्किट से कई दुकानों में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

गया में शॉर्ट सर्किट की वजह से चार दुकानों में आग लग गई. जिसमें लाखों का रखा हुआ सामान जल कर खाक हो गया. फायर ब्रिगेड की तत्परता की वजह से वक्त पर आग को काबू कर लिया गया और यह ज्यादा नहीं फैल सकी
Bihar Fire News : गया के मैगरा थाना क्षेत्र के मैगरा शिव मंदिर के समीप पुस्तक, कपड़ा, जूता-चप्पल व फर्नीचर की दुकान में रविवार की रात तकरीबन दो बजे के आसपास बिजली के शाॅर्ट सर्किट से आग लग गयी. इसमें दुकानों में रखे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. अधिक रात होने के कारण दुकानदार को देर से घटना की सूचना मिली, तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया था. पास के मंदिर में शादी समारोह में आये लोगों के हो-हल्ला करने के बाद लोग जमा हुए. लोगों की मदद से फायरब्रिगेड के वाहन को बुलाया गया. फायरब्रिगेड के कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया. इससे आसपास की दुकानों समेत भारी नुकसान होने का खतरा टल गया.
मैगरा गांधी मंडप के समीप नारायणपुर निवासी मोहन प्रसाद गुप्ता की दुकान रवि पुस्तक भंडार, बिकुआ कला निवासी मो राजा की जूता-चप्पल की दुकान, कसियाडीह निवासी मदन साव की कपड़ा दुकान व कसियाडीह निवासी चंदन कुमार की फर्नीचर दुकान थी. रविवार की रात कपड़ा दुकान में आग लगी, जिसकी चपेट में अन्य दुकानें आ गयीं. दुकान में आग बिजली के शाॅर्ट सर्किट की वजह से लगी है.
पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि रात तकरीबन दो बजे के आसपास मैगरा से लोगों ने फोन पर सूचना दी. बताया कि दुकानों में आग लगी है. सूचना मिलते ही दुकान पर पहुंचे, तब तक सारा का सारा समान जलकर राख हो गया था. लोगों ने फायरब्रिगेड व बिजली विभाग के अधिकारी को जानकारी दी. अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बिजली सप्लाई बंद करा दी. फायरब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास किया.
क्या कहते हैं दुकानदार
इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकानों में रहे लगभग लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था. रवि पुस्तक भंडार के मालिक मोहन प्रसाद गुप्ता ने बताया कि लगभग सात लाख रुपये मूल्य की कीताब, कॉपी, पेन एवं स्टेशनरी का समान जलकर राख हो गया. बिकुआ कला निवासी जूता-चप्पल दुकानदार मो राजा ने बताया कि आग लगने से लगभग दो लाख रुपये मूल्य का समान जलकर राख हो गया है.
कपड़ा दुकानदार मदन प्रसाद ने बताया कि इस घटना में लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जल गयी. फर्निचर दुकानदार चंदन कुमार ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का समान जलकर राख हो गया है. आग की लपटें इतनी थीं कि दो-दो फायरब्रिगेड के वाहन आग बुझाने में लगाये गये, तब जाकर आग पर काबू पाया गया.क्या कहते हैं सीओ
इस संदर्भ में सीओ डुमरिया पुनित कौशल ने बताया कि मैगरा बाजार में चार दुकानों में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली है. आग लगने से संपत्ति नष्ट हो गयी है.

नगर निगम में शाॅर्ट सर्किट से लगी आग
इधर, गया नगर निगम कार्यालय परिसर में सिटी मैनेजर के चैंबर में शाॅर्ट सर्किट से एसी के स्टेबलाइजर में सोमवार की दोपहर आग लग गयी. निगम से मिली जानकारी के अनुसार, आग को तुरंत बुझा दिया गया. किसी तरह का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. सूचना पर पहुंचे दमकल के वाहन को ऐसे ही लौटना पड़ा.
Also Read: नवादा में स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा की टक्कर में महिला की मौत, छह लोग घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anand Shekhar
Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




