ePaper

गया जंक्शन पर जल्द खुलेगा मेडिसिन शॉप

Updated at : 26 Feb 2026 8:44 PM (IST)
विज्ञापन
गया जंक्शन पर जल्द खुलेगा मेडिसिन शॉप

सुविधा. दवाई के लिए नहीं भटकना पड़ेगा यात्रियों को इधर-उधर

विज्ञापन

सुविधा. दवाई के लिए नहीं भटकना पड़ेगा यात्रियों को इधर-उधर

प्रभात खबर खास

संवाददाता, गया जी. गया जंक्शन के पुराने बाइक स्टैंड के पास जल्द ही मेडिसिन शॉप खुलने जा रहा है. इस पहल से स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. अब तक यात्रियों को दवा खरीदने के लिए स्टेशन परिसर से बाहर जाना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ आपात स्थिति में परेशानी भी होती थी. नये मेडिसिन शॉप खुलने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर के पास ही आवश्यक दवाइयां आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना बाइक स्टैंड के समीप दुकान खोलने के लिए जगह को चिह्नित कर लिया गया है. वहां प्रारंभिक कामकाज भी शुरू कर दिया गया है. संबंधित विभाग की ओर से स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. यात्रियों का कहना है कि अक्सर यात्रा के दौरान अचानक सिरदर्द, बुखार, उल्टी, पेट दर्द या अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं हो जाती हैं. कई बार बुजुर्ग या छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को तत्काल दवा की जरूरत पड़ती है. पहले उन्हें स्टेशन से बाहर निकलकर बाजार की ओर जाना पड़ता था, जिससे ट्रेन छूटने का भी खतरा बना रहता था. अब स्टेशन के पास ही मेडिसिन शॉप खुलने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जायेगी.

जल्द-से-जल्द होगा उद्घाटन

औपचारिकताएं पूरी होते ही जल्द-से-जल्द दुकान का उद्घाटन कर दिया जायेगा. रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं. गया जंक्शन एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है, बल्कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है. यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ट्रेनें संचालित होती हैं. खासकर, पितृपक्ष मेला, बौद्ध पर्यटन सीजन और त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो जाती है. ऐसे में स्टेशन परिसर में दवा दुकान की अनुपलब्धता लंबे समय से महसूस की जा रही थी. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि स्टेशन के आसपास दवा की दुकान खुलने से न केवल यात्रियों को, बल्कि आसपास के दुकानदारों और कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा. देर रात या सुबह-सुबह ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी. इधर, रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. स्टेशन पर पहले से खानपान, पेयजल, शौचालय और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. अब मेडिसिन शॉप खुलने से सुविधाओं में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ जायेगी.

विज्ञापन
ROHIT KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR SINGH

ROHIT KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन