Gaya News : विश्व शांति के लिए महाबोधि मंदिर में निगमा मोनलम चेन्मो का शुभारंभ

Updated at : 29 Jan 2025 11:03 PM (IST)
विज्ञापन
Gaya News : विश्व शांति के लिए महाबोधि मंदिर में निगमा मोनलम चेन्मो का शुभारंभ

Gaya News : विश्व में शांति व भाईचारे की कामना के साथ बुधवार से महाबोधि मंदिर में 36वां निगमा मोनलम चेन्मो का शुभारंभ किया गया.

विज्ञापन

बोधगया. विश्व में शांति व भाईचारे की कामना के साथ बुधवार से महाबोधि मंदिर में 36वां निगमा मोनलम चेन्मो का शुभारंभ किया गया. यह सात फरवरी तक आयोजित होगा. पवित्र बोधिवृक्ष की छांव तले बुधवार की सुबह सात बजे वरीय रिनपोचे व लामाओं की मौजूदगी में पूजा का शुभारंभ किया गया. लामाओं ने दीप प्रज्वलित कर इसकी शुरूआत की व मंजुश्री पाठ के साथ तथागत बुद्ध का आह्वान किया गया. इसके बाद लामाओं ने मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रूप से पूजा शुरू की. महाबोधि मंदिर के पश्चिम, उतर व दक्षिण हिस्से में अलग-अलग खेमे में बंट कर पूजा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व निगमा पंथ के वरीय रिनपोचे व लामाओं द्वारा किया जा रहा है. इस दौरान लामाओं को धार्मिक किताब का भी वितरण किया जा रहा है. पूजा में शामिल होने के लिए हिमालयन क्षेत्र के अलावा दक्षिण भारत यानी मैसूर व अन्य राज्यों में स्थित निगमा पंथ के बौद्ध मठों में प्रवास करने वाले लामा, भिक्षुणियों के साथ ही नेपाल व भूटान से भी निगमा पंथ के आठ हजार से ज्यादा लामा व भिक्षुणी शामिल हो रहे हैं.

मंत्रोच्चार से महाबोधि मंदिर परिसर गूंज रहा

आयोजित पूजा के दौरान किये जा रहे मंत्रोच्चार से महाबोधि मंदिर परिसर गूंज रहा है व मंदिर का दर्शन करने पहुंचे रहे देशी-विदेशी श्रद्धालुओं को काफी सुखद अहसास हो रहा है. पूजा को लेकर मंदिर परिसर में फूलों व तोरमा से सजावट की गयी है. बुधवार की सुबह पूजा के शुभारंभ पर बीटीएमसी की सचिव डॉ महाश्वेता महारथी निगमा सेक्ट के तशांग टूल्कु रिनपोचे की पुत्रियां पेमा व शेरिंग के साथ पहुंचीं. पूजा का नेत़त्व कर रहे वरीय रिनपोचे को खादा भेंट कर स्वागत कीं व उद्घाटन समारोह में मंदिर के केयर टेकर भिक्खु दीनानंद के साथ शामिल हुईं. उल्लेखनीय है कि बौद्ध संगठनों द्वारा विश्व शांति के लिए महाबोधि मंदिर में आयोजित पूजा समारोहों में निगमा मोनलम चेन्मो को सबसे बड़ी पूजा मानी जाती है. इसमें शामिल होने के लिए यहां पहुंचे लामा, भिक्षुणी व श्रद्धालुओं से बोधगया के व्यवसाय को फायदा पहुंचता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन