गया : चार महीने पहले हुई थी शादी, पेड़ से लटका मिला नवविवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृतिका पुतुल कुमारी की फाइल फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय नवविवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भोरे गांव टोला मनसा में मंगलवार को पेड़ से लटकी 18 वर्षीय नवविवाहिता पुतुल कुमारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान गांव निवासी सोनारिक मांझी की बेटी पुतुल कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया.

विज्ञापन

चार महीने पहले हुई थी शादी

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुतुल कुमारी की शादी करीब चार महीने पहले जहानाबाद जिले के हिलादगंज थाना क्षेत्र के गुरियारी गांव निवासी सिकंदर मांझी से हुई थी. ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि शादी से पहले गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग था. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.

View on Instagram

पुलिस को प्रथमदृष्टया आत्महत्या का संदेह

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष देव राज इंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आत्महत्या प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है.

परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप

मृतका के मामू मिंटू मांझी ने हत्या की आशंका जतायी है. उनका आरोप है कि पुतुल की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पुतुल के गले में बंधा दुपट्टा उनके घर का नहीं था. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

घटना स्थल निरीक्षण करते थाना अध्यक्ष देवराज इंद्र | Prabhat Khabar Network
घटना स्थल निरीक्षण करते थाना अध्यक्ष देवराज इंद्र | Prabhat Khabar Network

मां की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी पुतुल

ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले सड़क हादसे में पुतुल की मां शिविया देवी की मौत हो गयी थी. बताया गया कि मानपुर बाजार से बेटी की शादी की तैयारी के लिए सामान खरीदकर लौटने के दौरान खाजाहापुर के पास हादसा हुआ था. परिजनों के अनुसार, मां की मौत के बाद पुतुल पर परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गयी थीं और वह चार बहनों तथा एक भाई की देखभाल में सहयोग कर रही थी.

आधी रात घर से निकली थी युवती

परिवार के सदस्यों ने बताया कि पुतुल रात में शौच के लिए घर से निकली थी. इसके बाद सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला. परिजनों के अनुसार, घर से घटनास्थल की दूरी करीब 400 मीटर है और जिस स्थान पर शव मिला, वह सुनसान इलाका है. परिवार ने पेड़ की स्थिति और घटनास्थल को लेकर भी सवाल उठाये हैं. इन बिंदुओं की पुलिस जांच कर रही है.

मोबाइल फोन से खुल सकता है मौत का राज

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. पुलिस फोन कॉल और बातचीत से जुड़े तथ्यों की वैज्ञानिक जांच करेगी. आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गयी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

पुलिस टीम ने घटनास्थल पर की जांच

घटना की जांच के दौरान अपर थाना अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान, एसआई नेहा मंडल, पीएसआई सुधा कुमारी, एसआई मोनू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जुटायी.

तेजस्वी के आह्वान पर बेलागंज से निकला 133 वाहनों का काफिला, NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन