आरपीएफ की सतर्कता : गया जंक्शन से शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद

गिरफ्तार मोबाइल चोर के पास आरपीएफ और जीआरपी की टीम
Gaya Ji News : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गया जंक्शन पर ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से करीब 20 हजार रुपये का चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है. आरपीएफ यात्रियों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.
Gaya Ji News : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' के तहत कार्रवाई करते हुए गया जंक्शन से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान झारखंड के पंचगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी अरविंद कुमार सिंह के रूप में हुई है. उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है.
संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ा गया आरोपी
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि उपनिरीक्षक रणधीर कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ, सीडीपीएस और जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान दिल्ली एंड पार्सल कार्यालय के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने जब उससे पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और घबराने लगा. इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करता है.
तलाशी में मिला चोरी का मोबाइल
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और बरामद मोबाइल को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना, गया के हवाले कर दिया.
बीएनएस की धारा के तहत दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में जीआरपी थाना, गया में कांड संख्या 187/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें. साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










