गयाजी-डीडीयू रेलखंड की सुरक्षा जांचने खुद उतरे DRM, बोले- यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

Updated:
विज्ञापन
gaya news

ट्रैक का निरीक्षण करते DRM

Gaya Ji News: डीडीयू रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने बुधवार को डीडीयू-मानपुर रेलखंड का सघन विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. भीषण गर्मी के इस मौसम में रेल पटरियों की सुरक्षा और परिचालन संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीआरएम ने खुद अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन सीमा में ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति, गेज और वेल्डेड रेल सेक्शनों का गहन परीक्षण किया.

विज्ञापन

Gaya Ji News: (गयाजी कार्यालय से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना द्वारा डीडीयू-मानपुर खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया. इस निरीक्षण के दौरान अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन सीमा में हावड़ा की ओर ट्रैक सेक्शन का गहन अवलोकन किया गया. इस दौरान डीआरएम ने प्वाइंट्स यानी ट्रैक को एक लाइन से दूसरी लाइन पर ले जाने की व्यवस्था, गेज यानी दो रेल पटरियों के बीच निर्धारित दूरी और लंबे वेल्डेड रेल सेक्शनों यानी बिना जोड़ वाली लंबी रेल पट्टियों की वर्तमान स्थिति का कड़ा परीक्षण किया.

गर्मी को देखते हुए कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया

उन्होंने ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति जैसे लाइन, लेवल और एलाइन्मेंट तथा निर्धारित अनुरक्षण एवं संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान ट्रैक अनुरक्षण कार्य में संलग्न कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित किया गया, जिसमें स्थायी पथ निरीक्षक (PWI), ट्रैकमैन एवं ट्रॉलीमैन शामिल रहे. इसके साथ ही उन्होंने ट्रैक निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग व्यवस्था और संरक्षा प्रक्रियाओं के अनुपालन की स्थिति का अवलोकन किया. वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के दृष्टिगत रेल पटरियों पर तापमान जनित प्रभावों के प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही ट्रैक संरक्षा और अनुरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. गर्मी में कार्य के दौरान कर्मियों के अपने स्वास्थ्य रक्षा के प्रति सतर्क रहने पर विशेष बल दिया गया.

डीआरएम ने किया मानपुर जंक्शन का निरीक्षण

इसी निरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना द्वारा मानपुर जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया गया. इस दौरान डीआरएम ने जंक्शन पर उपलब्ध तमाम यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की समग्र स्वच्छता, ट्रेनों के संचालन, यात्री प्रबंधन व्यवस्था एवं रेल कर्मियों की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया.

उन्होंने मानपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्मों और विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की. डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने ट्रेनों के सुरक्षित और सुगम परिचालन के लिए स्टेशन प्रबंधन को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने की हिदायत दी, ताकि इस रूट से गुजरने वाले रेल यात्रियों को सफर के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

Also Read: गया जंक्शन पर मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं: DRM ने निर्माण कार्यों को समय पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन