गया जंक्शन पर मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं: DRM ने निर्माण कार्यों को समय पूरा करने का दिया अल्टीमेटम
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 03 Jun 2026 7:42 PM
निरीक्षण के दौरान डीआरएम
Gaya Ji News: डीडीयू रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने बुधवार को गयाजी जंक्शन का व्यापक निरीक्षण किया और स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए चल रहे पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की.
Gaya Ji News: (गयाजी कार्यालय से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने बुधवार को गया जंक्शन का सघन निरीक्षण कर स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए चल रहे निर्माण और पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हालात में निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस कर एक ऐसा मॉडल स्टेशन बनाया जा रहा है, जहां देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी प्रीमियम सुविधाओं का सुखद अनुभव प्राप्त होगा.
डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री सुख-सुविधाओं और चल रहे भारी निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और वर्तमान प्रगति की तकनीकी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत दी. निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों, यात्री प्रतीक्षालयों, प्रवेश और एग्जिट गेट, पार्किंग क्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का मुआयना किया. उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित विभागों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की. उन्होंने दो टूक कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रत्येक कार्य रेलवे के निर्धारित उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए.
आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था बहाल
डीआरएम ने बुनियादी ढांचे में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गया जंक्शन पर बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था और उन्नत सूचना प्रणाली का लाभ यात्रियों को मिलना शुरू हो गया है. वहीं अब इस महायोजना के अगले चरण में आकर्षक और भव्य स्टेशन भवन, दिव्यांगजनों के लिए विशेष अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं, अत्याधुनिक एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) एवं लिफ्ट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं शामिल की जा रही हैं. डीआरएम ने इन सभी भारी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्राउंड पर चल रहे कार्यों में और तेजी लाई जाए क्योंकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि सभी रेल विभागों के समन्वित और समर्पित प्रयासों से गया जंक्शन जल्द ही एक अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में देश के मानचित्र पर चमकेगा.
देशी-विदेशी पर्यटकों को लुभाएगा नया स्वरूप, गयाजी की वैश्विक पहचान को मिलेगा नया आयाम
समीक्षा बैठक के दौरान डीआरएम ने गयाजी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गयाजी देश और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां प्रत्येक वर्ष बहुत बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु और विदेशों से अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में गया जंक्शन का यह नया, आधुनिक और आकर्षक स्वरूप पूरे शहर की वैश्विक पहचान को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा तथा यहां आने वाले यात्रियों के अनुभव को हमेशा के लिए बेहतर और यादगार बना देगा. निरीक्षण की समाप्ति के बाद डीआरएम उदय सिंह मीना ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गया जंक्शन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में विकसित करने का महाअभियान धरातल पर बहुत तेजी से चल रहा है.
सभी संबंधित रेल अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण पारदर्शिता के साथ करें ताकि निर्धारित समय सीमा के अंदर इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा कर आम यात्रियों को समर्पित किया जा सके क्योंकि रेल यात्रियों की उत्कृष्ट सेवा और अभेद्य सुरक्षा ही हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है.
Also Read: अब बारिश में भी बिना भीगे सफर कर सकेंगे यात्री, गयाजी एयरपोर्ट पर बन रही अत्याधुनिक कैनोपी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










