शेरघाटी के नई बाजार और गोला बाजार में जर्जर सड़क से बढ़ी मुश्किलें, राहगीर परेशान
सड़क पर उभरा गड्ढा | Prabhat Khabar Network
शेरघाटी शहर की सड़कें जानलेवा हो गई हैं. नई बाजार थाना मोड़ और गोला बाजार की जर्जर हालत से आमजन को भारी परेशानी हो रही है. बारिश के बाद गड्ढे और खतरनाक हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना का डर बना रहता है.
शेरघाटी शहर के नई बाजार थाना मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर ठेहुना भर गहरे गड्ढे उभर आने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है.
स्थानीय व्यवसायी भरत, बबलू गुप्ता, राजदेव यादव और नेयाज खान समेत अन्य लोगों ने बताया कि सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालक एक ही तरफ से गुजरने का प्रयास करते हैं. इससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजर रहे हैं.
गोला बाजार की सड़क की भी स्थिति दयनीय
इधर, शहर के व्यस्ततम मार्ग गोला बाजार की सड़क की स्थिति भी कमोबेश ऐसी ही है. जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने से बाजार आने वाले लोगों और दुकानदारों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने पथ निर्माण विभाग से अविलंब मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है. बताया जाता है कि नई बाजार थाना मोड़ और गोला बाजार व चेरकी होते हुए गया जाने वाली सड़क पथ निर्माण विभाग के अधीन है.
विभाग ने जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने का दिया आश्वासन
इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता कांति भूषण ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के जीर्णोद्धार का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा. तब तक लोगों को सावधानीपूर्वक आवागमन करने की सलाह दी गई है.
Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए