पितृपक्ष मेला में सफाई पर सख्ती, हर घंटे होगी निगरानी; गंदगी मिली तो अफसरों से मांगा जाएगा जवाब
समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद डीएम शशांक शुभंकर, मेयर गणेश पासवान व अन्य अधिकारी.
गया जी में आगामी पितृपक्ष मेला को लेकर डीएम शशांक शुभंकर और मेयर वीरेंद्र कुमार ने प्रशासनिक और निगम अधिकारियों के साथ बैठक की. मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की हर घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं तथा लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
गया जी. पितृपक्ष मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की पूरी जिम्मेदारी अब संबंधित अधिकारियों की होगी. मेले के दौरान मेला क्षेत्र की सड़कों और नालियों पर किसी भी स्थिति में गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए. सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ये सख्त निर्देश डीएम शशांक शुभंकर ने समाहरणालय सभागार में निगम जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान दिए.
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है, और हर जोन में सफाई व्यवस्था की हर घंटे निगरानी की जानी चाहिए. सभी अधिकारी खुद क्षेत्र में उतरकर सफाई व्यवस्था का जायजा लें और संबंधित सफाई कर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य संपन्न कराएं.
पितृपक्ष मेला की तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से गुरुवार को यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी, जिसमें मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के साथ नगर निगम के तमाम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, जेई और एई मौजूद रहे.
औचक निरीक्षण में गंदगी मिलने पर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
बैठक में चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि मेला अवधि के दौरान अधिकारी लगातार क्षेत्र का औचक निरीक्षण करेंगे. यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर गंदगी या सफाई में कोई लापरवाही पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारी से तुरंत स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और उसके आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने सभी कार्यों का अटेंडेंस चार्ट और विजिट चार्ट तैयार करने का कड़ा निर्देश दिया है, ताकि सफाई व्यवस्था की नियमित और पारदर्शी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके.
श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण देना प्राथमिकता
मेयर वीरेंद्र कुमार ने अधिकारियों से कहा कि यह विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला गया जी की वैश्विक पहचान से जुड़ा हुआ एक अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है. देश-दुनिया के कोने-कोने से आने वाले तीर्थयात्रियों की सेवा करना और उन्हें बेहतरीन सुविधा देना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मेला के दौरान साफ-सफाई पर विशेष फोकस रखा जाए ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पूरी तरह स्वच्छ और उत्तम वातावरण मिल सके. वहीं, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने भी सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने और मेला क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने इस दौरान डीएम को नगर निगम की ओर से मेला क्षेत्र में की जा रही सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी दी.
आउटसोर्सिंग के जरिए होगी सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था
नगर निगम की ओर से जानकारी दी गई कि पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का कार्य आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराया जा रहा है. इसके अलावा, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर वाटर एटीएम लगाए गए हैं.
फल्गु नदी के तट पर भव्य लेजर लाइट शो का प्रदर्शन किया जाएगा. मेला क्षेत्र को रोशन करने के लिए हाइमास्ट लाइट, मिनी हाइमास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट और रोप लाइट के जरिए पर्याप्त रोशनी के इंतजाम किए गए हैं.
सभी प्रमुख घाटों, तालाबों और सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई के साथ उनका रंग-रोगन भी कराया गया है. साथ ही, क्षेत्र की सभी नालियों और सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए