साढ़ू के घर से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, जीटी रोड पर कार ने मारी टक्कर, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
Gaya Ji GT Road Accident: गया जी के डोभी निवासी वासुदेव यादव की जीटी रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए.
Gaya Ji GT Road Accident: गया जी जिले के डोभी थाना क्षेत्र के अंगरा गांव निवासी वासुदेव यादव की रविवार देर रात एनएच-19 स्थित जीटी रोड पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. हादसा पत्थलकट्टी के समीप हुआ, जहां सड़क पार करने के दौरान वह किसी अज्ञात कार की चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि वासुदेव यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

साढ़ू के घर से लौट रहे थे वासुदेव
मिली जानकारी के अनुसार वासुदेव यादव शेरघाटी प्रखंड के कुसी गांव स्थित अपने साढ़ू के घर से लौट रहे थे. इसी दौरान पत्थलकट्टी के निकट जीटी रोड पार करते समय यह हादसा हुआ. घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई.

गया जी की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ग्रामीणों ने सड़क जामकर काटा बवाल
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने जीटी रोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. उनका कहना था कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं, जिससे रात के समय सड़क पार करना खतरनाक हो जाता है. उनका कहना है कि अंधेरे की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.

मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर शेरघाटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम समाप्त कराया. इसके बाद जीटी रोड पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया.
मासूमों के सिर से उठा पिता का हाथ
वासुदेव यादव अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. बताया जा रहा है कि उनके एक बच्चे की उम्र आठ वर्ष और दूसरे की उम्र दस वर्ष है. अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर क्यों उठ रहे सवाल?
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, लेकिन उनका नियमित संचालन नहीं होता. ग्रामीणों ने मांग की है कि हाईवे पर लगी लाइटों को नियमित रूप से चालू रखा जाए और सड़क पार करने वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएं. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग की है. प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










