फतेहपुर पुलिस ने 500 लीटर महुआ शराब के साथ तीन बाइक की जब्त, तस्कर मौके से फरार

जब्त शराब के साथ पुलिसकर्मी
Gaya Ji News : फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर देसी महुआ शराब और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं. शराब तस्कर पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
Gaya Ji News : फतेहपुर थाना पुलिस ने बुधवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 500 लीटर देसी महुआ शराब और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं. हालांकि पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गए. पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि झारखंड से शराब की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एसआई अमरेंद्र कुमार और एसआई सचिन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और थाना क्षेत्र के जंगलों में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया गया.
पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागे तस्कर
छापेमारी के दौरान नई दुनिया के पास पुलिस टीम को देखकर शराब तस्कर अपनी दो मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले. वहीं ढुबा कला के पास भी एक अन्य तस्कर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिलों की तलाशी लेने पर उनमें लदी कुल 500 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की, जिसे जब्त कर लिया गया.
जब्त बाइक की भी हो रही जांच
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. साथ ही जब्त की गई तीनों मोटरसाइकिलों के स्वामित्व की भी जांच की जा रही है. प्रारंभिक आशंका है कि इनमें से कुछ बाइक चोरी की भी हो सकती हैं.
झारखंड से शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान
पुलिस के अनुसार झारखंड से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में देसी और विदेशी शराब की तस्करी फतेहपुर के रास्ते बिहार में करने का प्रयास किया जाता है. इसे रोकने के लिए गुरपा, फतेहपुर और टनकुप्पा थाना की पुलिस लगातार संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read : बेगूसराय में BSNL सिम का संकट, नया और डुप्लीकेट सिम नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










