गया जंक्शन पर स्टेशन मास्टर्स का कैंडल मार्च, आगरा कैंट घटना के विरोध में उठाई न्याय की मांग

Updated:
विज्ञापन
कैंडल मार्च में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के अधिकारी व कार्यकर्ता  | Prabhat Khabar Network

कैंडल मार्च में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के अधिकारी व कार्यकर्ता

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर नरेंद्र चहार के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में गया जंक्शन पर ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन ने कैंडल मार्च निकाला. संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

गया जी : आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर नरेंद्र चहार के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (एआईएसएमए) की ओर से गया जंक्शन पर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया. संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

पार्सल कार्यालय से मुख्य द्वार तक निकाला गया कैंडल मार्च

एआईएसएमए के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में डीडीयू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के स्टेशन मास्टर्स शामिल हुए. कैंडल मार्च गया जंक्शन के पार्सल कार्यालय से शुरू होकर मुख्य द्वार तक पहुंचा. इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया और नरेंद्र चहार के प्रति एकजुटता दिखाई.

केंद्रीय अध्यक्ष और मंडल सचिव ने किया नेतृत्व

कैंडल मार्च का नेतृत्व एआईएसएमए के केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार और डीडीयू मंडल सचिव प्रिंस कुमार ने किया. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए रेलवे कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई.

आरपीएफ कर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप

एसोसिएशन का आरोप है कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने स्टेशन मास्टर नरेंद्र चहार के साथ मारपीट की. संगठन ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

रेल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठी मांग

सभा को संबोधित करते हुए डीडीयू मंडल सचिव प्रिंस कुमार ने कहा कि रेल कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का हिंसात्मक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने स्टेशन मास्टर्स की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. कार्यक्रम में डीडीयू मंडल के कई स्टेशनों के स्टेशन मास्टर्स और अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन