ePaper

गया : पूजा पंडालों में 75 डेसिबल आवृत्ति से अधिक के ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति नहीं

Updated at : 10 Feb 2019 9:45 AM (IST)
विज्ञापन
गया : पूजा पंडालों में 75 डेसिबल आवृत्ति से अधिक के ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति नहीं

डीजे बजाने पर लगा प्रतिबंध, शिकायत के लिए पुलिस ने जारी किया एप पुराने रूटों से ही किया जायेगा विसर्जन, नहीं बदलेगा मार्ग गया : समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार काे शांति समिति की बैठक डीएम अभिषेक सिंह व वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई. बैठक में शांति समिति के सदस्यों से […]

विज्ञापन
डीजे बजाने पर लगा प्रतिबंध, शिकायत के लिए पुलिस ने जारी किया एप
पुराने रूटों से ही किया जायेगा विसर्जन, नहीं बदलेगा मार्ग
गया : समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार काे शांति समिति की बैठक डीएम अभिषेक सिंह व वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई.
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से बारी-बारी से सरस्वती पूजा के दौरान शांति व विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपेक्षित विचार लिये गये. उन्होंने कहा कि कोयरीबारी, नूतन नगर, चांद चौरा, पिता महेश्वर व नादरागंज इलाके में विशेष चौकसी बरती जानी चाहिये. इकबाल हुसैन ने कहा कि सभी धार्मिक पुस्तकों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, यह अंकित है. डीएम ने कहा कि सरकार द्वारा इस बार प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है
सभी थानों को हिदायत दी गयी है कि अपने-अपने क्षेत्र के डीजे व्यवसायियों से बैठक कर उन्हें इससे अवगत करायें. उन्होंने कहा कि किसी को ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल करना है, तो जुलूस की अनुमति के साथ इसकी भी अनुमति लेनी पड़ेगी. 75 डेसिबल आवृत्ति से अधिक की ध्वनि पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को एक एप उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिमा का विसर्जन नये रूट से नहीं किया जायेगा. जिस रूट से जुलूस गुजरता रहा है उसी रूट से जुलूस गुजरेगा. नये रूट के लिए अनुमति लेनी होगी.
आपत्तिजनक पाेस्ट करने पर हाेगी कार्रवाई
डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रायः आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया जाता है. शांति समिति के सदस्य इसे रुकवाने का प्रयास करें. यदि ग्रुप एडमिन नहीं सुनता है तो प्रशासन को सूचित करें, प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप व फेसबुक के ग्रुप एडमिन की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि वे वैसे पोस्ट को अविलंब हटायें व संबंधित व्यक्ति को भी उस ग्रुप से निकालें.
प्रशासन की नजर में आने पर संबंधित ग्रुप एडमिन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि किसी भी पूजा पंडाल में आगामी लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले कार्टून पोस्टर नहीं लगने चाहिए. यह आयोजक सुनिश्चित करेंगे व शांति समिति के सदस्य इस पर नजर रखेंगे.
पूजा पंडालों में बैठायी गयीं विद्या की देवी : बाराचट्टी. सरस्वती पूजा को लेकर पूजा पंडालों में मां सरस्वती की प्रतिमाओं को स्थापित किया गया. मोहनपुर व बाराचट्टी प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में बनाये गये सुंदर पूजा पंडालों में विद्या की देवी की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. पूजा को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल है.
पंडालों में पहुंचीं मां की प्रतिमाएं
बांकेबाजार : सभी शिक्षण संस्थानों में रविवार को होने वाली मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की तैयारी को लेकर शनिवार को स्थानीय बाजारों में काफी चहल-पहल देखी गयी. शिक्षण संस्थानों सहित अन्य स्थानों के आयोजक मां सरस्वती की प्रतिमा को अपने-अपने गंतव्य स्थानों पर ले जाते नजर आये. प्रखंड क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों को श्रद्धालुओं द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया है .वहीं पूजा की सामग्री, फल, मिठाई आदि की दुकानों में भी काफी भीड़ लगी रही.
संवेदनशील जुलूस की होगी वीडियाेग्राफी
एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि फिलहाल 15 फरवरी तक सेना भर्ती रैली चल रही है, 16 फरवरी तक इंटरमीडिएट की परीक्षा चलेगी, जिसमें अधिकतर पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त हैं. इसलिए सभी प्रतिमाओं का विसर्जन हर हाल में 11 फरवरी को करना होगा.
संवेदनशील जुलूस की वीडियोग्राफी करायी जायेगी. धार्मिक स्थल व विसर्जन स्थल पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रहेगी. बैठक में बृजनंदन पाठक, मणिलाल बारिक, मोहम्मद खालिद, मसउद मंजर, इकबाल हुसैन, अरशद परवेज, रजनीश कुमार, निरंजन कुमार, किरण वर्मा, प्रमोद भदानी, शिव बचन सिंह सहित अन्य ने अपने विचार रखे. बैठक में मौजूद नगर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, डीडीसी किशोरी चौधरी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक नागेंद्र कुमार गुप्ता, सभी थानों के पुलिस पदाधिकारी व शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन