बिहार के औरंगाबाद में सड़क हादसा, बहन को ससुराल से लाने जा रहे युवक की मौत से मचा कोहराम

Bihar Road Accident: बिहार के औरंगाबाद में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी. परिजनों में कोहराम मचा है.
औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के हसपुरा आईटीआई कॉलेज के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में बाइक सवार गिरकर एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ही शंकरपुर गांव निवासी अभिमन्यु चौधरी के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है. युवक अपनी इकलौती बहन को मायके लाने के लिए उसके ससुराल जा रहा था लेकिन सड़क हादसे में उसकी जान चली गयी.
इकलौती बहन को लाने जा रहा था युवक
गुरुवार के दोपहर सदर अस्पताल में चल रहे पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि सिंटू की इकलौती बहन खुशबू की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में हुई थी. बहन को मायके लाने के लिए वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर नवरतन चक गांव जा रहा था. जैसे ही हसपुरा आईटीआई कॉलेज के समीप पहुंचा, इसी दौरान सामने से एक साइकिल सवार आ गया. साइकिल सवार को बचाने के क्रम में सिंटू की बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. पता चला कि घटनास्थल पर सिंटू काफी देर तक तड़पता रहा. कुछ देर बाद सूचना मिलने पर आंनद संगीत महाविद्यालय के संचालक सुशील कुमार पहुंचे और उसे उठाकर अस्पताल ले जाने लगे. इसी दौरान उसकी मौत हो गयी.
परिजनों में मचा कोहराम
हालांकि स्थानीय लोगों ने सिंटू को जिंदा समझकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसपुरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. पता चला कि अस्पताल में मौजूद लोगों द्वारा सिंटू के मोबाइल से घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई. सूचना पर बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. परिजनों की चीत्कार से अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा. हसपुरा थाना की पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और शव परिजनों को सौंप दिया.
बोले थानाध्यक्ष..
पता चला कि सिंटू दो भाइयों में छोटा भाई था. पिता अभिमन्यु चौधरी ताड़ लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे. सिंटू और उसका बड़ा भाई पिंटू दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. घटना के बाद माता सुमित्रा देवी, इकलौती बहन खुशबू कुमारी समेत अन्य परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है. हसपुरा थानाध्यक्ष नरोत्तम ने बताया कि बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम करा कर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




