‘बारात आई तो गोली मार देंगे’, 2 साल में चार बार तुड़वाई शादी, सिरफिरे आशिक की अजब प्रेम कहानी

Updated:
विज्ञापन

सिरफिरा आशिक

दरभंगा में एक युवती ने युवक पर पिछले दो वर्षों से परेशान करने, अश्लील इशारे करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. युवक और उसके परिजनों की कथित धमकियों के कारण युवती के चार बार तय हो चुके रिश्ते टूट गए हैं. युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

दरभंगा क्राइम: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एक युवक पर पिछले दो वर्षों से छेड़छाड़, अश्लील इशारे करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. युवती का कहना है कि युवक और उसके परिजनों की कथित धमकियों के कारण उसकी चार बार शादी तय होने के बाद टूट चुकी है. मामले में युवती ने सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

राह चलते परेशान करने का आरोप

प्राथमिकी में युवती ने आरोप लगाया है कि सनाउल्लाह (22) करीब दो वर्षों से उसे रास्ते में रोककर अभद्र एवं अश्लील इशारे करता है. साथ ही वह उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाता है. युवती के अनुसार, लगातार हो रही कथित परेशानी के कारण उसके माता-पिता ने उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी.

शिकायत के मुताबिक, युवती के पिता ने युवक के घर जाकर मामले को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वहां उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गयी. आरोप है कि युवक के परिजनों ने शादी नहीं करने पर परिवार को जान से मारने और जेल भिजवाने की धमकी दी.

चार बार रिश्ता तय हुआ, हर बार टूट गया

युवती ने पुलिस को बताया कि पिछले दो वर्षों में उसकी चार बार शादी तय हुई. आरोप है कि हर बार युवक और उसके परिजनों ने लड़के पक्ष को धमकाकर शादी नहीं करने का दबाव बनाया, जिसके बाद रिश्ता टूट गया.

युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे तेजाब फेंककर चेहरा खराब करने की धमकी दी गयी. शिकायत के अनुसार, लगातार धमकियों के कारण वह और उसके माता-पिता मानसिक रूप से परेशान हैं.

शादी से पहले लड़के वालों को धमकी देने का आरोप

युवती के अनुसार, 27 जुलाई को उसकी शादी तय हुई थी और तैयारियां चल रही थीं. आरोप है कि सात अगस्त को सनाउल्लाह अपने साथ मो. समीर को लेकर लड़के वालों के घर पहुंचा. वहां कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गयी.

शिकायत में कहा गया है कि धमकी दी गयी कि यदि बारात गांव पहुंची तो स्टेज पर गोली मार दी जाएगी और किसी को गांव से वापस नहीं जाने दिया जाएगा. इसके बाद लड़के वालों ने शादी करने से इनकार कर दिया और रिश्ता टूट गया.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

युवती ने बताया कि सामाजिक स्तर पर कई बार मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.

सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच का जिम्मा दारोगा दिलीप कुमार को सौंपा गया है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

यह भी पढे़ं: दरभंगा में 15 अगस्त की तैयारी तेज, 9:05 बजे फहराया जाएगा तिरंगा


विज्ञापन
Ajay Yadav

लेखक के बारे में

By Ajay Yadav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन