दरभंगा में 15 अगस्त की तैयारी तेज, 9:05 बजे फहराया जाएगा तिरंगा
संता दिवस तैयारी को लेकर मुख्य समारोह स्थल नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण करते डीएम एसएसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network
दरभंगा में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा. प्रशासन ने समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
Darbhanga News: जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गयी हैं. समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर समाहरणालय सभागार में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई. डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. बैठक के बाद डीएम और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने नेहरू स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया.
नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. मुख्य अतिथि के रूप में पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा के प्रभारी मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र को आमंत्रित किया गया है. मुख्य समारोह में सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण होगा.
इसके बाद अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. आयुक्त कार्यालय में 9:45 बजे, आईजी कार्यालय में 10 बजे, समाहरणालय में 10:15 बजे और एसएसपी कार्यालय में 10:25 बजे तिरंगा फहराया जाएगा.
इन कार्यालयों में भी होगा ध्वजारोहण
डीडीसी कार्यालय में 10:35 बजे, सदर एसडीओ कार्यालय में 10:45 बजे, पुलिस लाइन में 11 बजे और जिला परिषद में 11:15 बजे ध्वजारोहण होगा. प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है.
नेहरू स्टेडियम से लेकर पोलो मैदान तक सफाई
डीएम ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को नेहरू स्टेडियम को समतल कराने और जलजमाव व कीचड़ की समस्या दूर करने का निर्देश दिया. नगर आयुक्त को महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सजावट के साथ पोलो मैदान की समुचित सफाई कराने को कहा गया.
वहीं, समारोह स्थल पर पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था नजारत शाखा करेगी. राष्ट्रगान की प्रस्तुति के लिए चयनित स्थलों पर छात्राओं की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी गयी है.
प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 6 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी. दोपहर 2:30 बजे इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी. शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे.
नेहरू स्टेडियम में परेड का अभ्यास भी होगा. इसके लिए डीएसपी मुख्यालय और सदर एसडीओ को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडिया को ई-कार्ड के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा.
महादलित टोलों में भी होगा झंडोत्तोलन
डीएम ने डब्लूओ को चयनित महादलित टोलों में झंडोत्तोलन की सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. संबंधित स्थानों पर विकास मित्र और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी. प्रभारी मंत्री के भाषण की तैयारी की जिम्मेदारी डीपीआरओ आशीष अमन को दी गयी है.
यह भी पढे़ं: LNMU Hindi Exam: 75% सवाल सिलेबस से बाहर? चौथे सेमेस्टर के प्रश्नपत्र पर छात्रों ने उठाए गंभीर सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राज कुमार रंजन
राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










