Darbhanga News: नदी थाना प्रारंभ होने से दियारा क्षेत्र में सुदृढ़ होगी विधि-व्यवस्था: कौशल कुमार

Darbhanga News:नदी थाना बनाने का प्रस्ताव 2019 में ही लिया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे शुरू करने में विलंब हुआ.
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी. प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित नदी थाना रविवार को अस्तित्व में आ गया. डीएम कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी व ग्रामीण एसपी आलोक ने संयुक्त रूप से महादेव मठ अवस्थित बाढ़ शरणस्थली भवन में नारियल फोड़ने के बाद फीता काटकर नदी थाना का उद्घाटन किया. नदी थाना के क्षेत्र में उजुआ-सिमरटोका व उसरी पंचायत के सभी गांव के अलावा बरनियां गांव को छोड़कर इटहर पंचायत के अन्य सभी गांव तथा भिंडुआ पंचायत के श्रीपुर गोबराही गांव शामिल है. उद्घाटन समारोह में डीएम कुमार ने कहा कि कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कोसी व कमला बलान के इस दियारा क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नदी थाना की आवश्यकता महसूस की गयी. नदी थाना बनाने का प्रस्ताव 2019 में ही लिया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे शुरू करने में विलंब हुआ. अब नदी थाना प्रारंभ होने से दियारा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ होगी. नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी. डीएम ने कहा कि पहले यह पूरा इलाका कुशेश्वरस्थान थाना के तहत आता था. इसे लेकर 24 पंचायतों का भार होने से पुलिसिंग प्रभावी नहीं हो पा रही थी. बाढ़ से प्रभावित इलाका होने के कारण अपराधियों के लिए यह क्षेत्र सुरक्षित ठिकाना बन चुका था. अब नए थाना के बनने से अपराध नियंत्रण, गश्ती व्यवस्था व पुलिसिंग में मजबूती आएगी. उन्होंने कहा कि सतीघाट थाना के गठन का भी प्रस्ताव भेजा गया है. कुशेश्वरस्थान प्रखंड में अब चार थाना- कुशेश्वरस्थान, नदी, सतीघाट और तिलकेश्वर थाना हो जायेंगे. इससे अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित होगी. उन्होंने कहा कि नदी थाना के लिए पूर्व में चिन्हित जमीन की मिट्टी जांच असफल रही थी. इस कारण थाना भवन निर्माण में विलंब हुआ. हालांकि प्रशासन की तत्परता से फिलहाल इसे अस्थायी भवन में आरंभ कर दिया गया है. जल्द ही स्थायी भवन बनाकर थाना वहां शिफ्ट किया जायेगा. वहीं एसएसपी ने कहा कि नदी थाना का शुभारंभ प्रशासन व स्थानीय जनता दोनों के लिए खुशी की बात है. पहले ग्रामीणों को थाना जाने के लिए 12-13 किमी दूर कुशेश्वरस्थान जाना पड़ता था, जिससे असुविधा होती थी. अब नजदीक ही थाना होने पर लोग त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे. एसएसपी ने ग्रामीणों से पुलिस को सहयोग करने, क्षेत्र में कोई अपराधी, असामाजिक तत्व, शराब कारोबारी या संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल थाना को सूचना देने की अपील की. कहा कि पुलिसिंग जनता के सहयोग के बिना अधूरी है. जनता सूचना देगी तो अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी. उन्होंने नदी थानाध्यक्ष को जनसहयोग से अपने कर्तव्य का पालन करने की सलाह दी. नदी थाना के प्रथम थानाध्यक्ष के पद पर पुलिस अवर निरीक्षक सुशील कुमार को नियुक्त किया गया है, जबकि अनुसंधान इकाइ के पद पर पुअनि राजेश एवं रंजन कुमार सिंह की नियुक्ति हुई है. वहीं नदी थाना में 2-8 की संख्या में सशस्त्र बल तैनात किया गया है. उन्होंने नदी थाना का मोबाइलन नंबर सार्वजनिक करते हुए बताया कि 9031827365 नंबर कोई भी सूचना दे सकते हैं. वहीं ग्रामीण एसपी आलोक ने कहा कि उजुवा में नदी थाना की स्थापना से आसपास के तीन पंचायत सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. अब पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और अपराधियों के लिए यह क्षेत्र सुरक्षित ठिकाना नहीं रह जाएगा. उन्होंने कहा कि शराब का धंधा और अन्य आपराधिक गतिविधियां गुपचुप तरीके से होती थी, उसपर अंकुश लगेगा. इससे पहले मिथिला के परंपरानुसार डीएम, एसएसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ, बीडीओ, कुशेश्वरस्थान, नदी तथा तिलकेश्वर थानाध्यक्ष को पाग चादर से सम्म्मनित किया गया. सम्मानित करने वालों में गौरव राय, सरपंच मिथलेश राय, लक्ष्मण प्रसाद राय, सीताराम राय, रमाकांत राय, विनीत राय आदि शामिल थे. इसके बाद डीएम, एसएसपी सहित अधिकारियों की टीम तिलकेश्वर थाना का जायजा लिया. तिलकेश्वर महादेव के दर्शन किए. इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से तिलकेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक न्यास समिति के अधीन लेने की मांग की. इसपर डीएम ने एसडीओ को विधिसम्मत कार्यवाही करने का निर्देश दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




