मनरेगा की 23 योजनाओं पर घोटाले की आशंका, भुगतान रोकने की उठी मांग

प्रखंड मुख्यालय फाइल फोटो
मनोर भौराम पंचायत में मनरेगा की 23 योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगा है. स्थानीय निवासी ने निष्पक्ष जांच और दोषी पर कार्रवाई की मांग की है. जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने की अपील की गई है.
Darbhanga News: बिरौल प्रखंड की मनोर भौराम पंचायत में मनरेगा के तहत संचालित 23 योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप सामने आया है. स्थानीय अंबा बिजुलिया निवासी प्रियांशु कुमार ने ई-मेल के माध्यम से एसडीओ और मनरेगा पीओ को आवेदन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही जांच पूरी होने तक सभी संबंधित योजनाओं का एफटीओ जारी करने और मजदूरी भुगतान पर रोक लगाने का अनुरोध किया है.
Biraul News: बिना निरीक्षण एमबी तैयार करने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत की 23 योजनाओं की माप पुस्तिका (एमबी) तैयार कर दी गई, जबकि अधिकांश योजनाओं का भौतिक निरीक्षण ही नहीं किया गया. शिकायतकर्ता का दावा है कि कई योजनाओं पर कार्य नहीं हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर मनरेगा मजदूरों की जगह जेसीबी मशीन से काम कराया गया.
सभी योजनाओं की संयुक्त जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सभी 23 योजनाओं का संयुक्त एवं निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराया जाए. साथ ही यह जांच हो कि बिना वास्तविक निरीक्षण के पीटीए और जेई ने किस आधार पर एमबी तैयार की. पीटीए, जेई और पीआरएस द्वारा तैयार अभिलेखों की तकनीकी एवं भौतिक जांच कराने की भी मांग की गई है.
जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने की अपील
आवेदन में यह भी अनुरोध किया गया है कि जांच पूरी होने तक किसी भी योजना का एफटीओ जारी नहीं किया जाए और न ही मजदूरी अथवा सामग्री मद का भुगतान किया जाए, ताकि सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका को रोका जा सके.
पीओ से संपर्क नहीं हो सका
मामले में पक्ष जानने के लिए मनरेगा पीओ महेश भगत से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.
यह भी पढ़ें :दरभंगा: LNMU लनामिवि ने जारी किया यूजी सेकेंड सेमेस्टर प्रैक्टिकल का शेड्यूल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By शंकर कुमार सहनी
शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










