प्रयागराज में विंध्य एक्सप्रेसवे को मिली रफ्तार, 45 गांवों का अलाइनमेंट फाइनल

विंध्य एक्सप्रेस-वे
Vindhya Expressway: यूपी की विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रयागराज जिले के 45 गांवों का अलाइनमेंट फाइनल हो चुका है और जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी. यह 333 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे प्रयागराज से सोनभद्र तक जाएगा.
Vindhya Expressway: यूपी की संगम नगरी की महत्वाकांक्षी विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रयागराज जिले के 84 प्रस्तावित गांवों में से 45 गांवों का अलाइनमेंट फाइनल कर यूपीडा को रिपोर्ट भेज दी गई है. अब शेष 33 गांवों में गाटा, रकबा और भूस्वामियों के विवरण का सत्यापन का काम तेजी से कराया जा रहा है. प्रयागराज से भदोही, मिर्जापुर होते हुए सोनभद्र तक 333 किलोमीटर लंबा विंध्य एक्सप्रेसवे जाएगा. इस परियोजना को मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिली थी, जबकि इसकी घोषणा महाकुंभ के दौरान ही की गई थी.
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
प्रयागराज में एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव 84 गांवों से होकर गुजरने का है. इनमें सोरांव के 29, फूलपुर के 24 और हंडिया के 31 गांव शामिल हैं. यूपीडा की कंसल्टेंट एजेंसी ने पहले चरण में 45 गांवों की मैपिंग कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपा था. प्रशासनिक जांच के दौरान 31 गांवों में गाटा, रकबा और भूस्वामियों के विवरण में संशोधन किए गए, जिसके बाद अंतिम रिपोर्ट यूपीडा को भेज दी गई. फिलहाल सोरांव के 6, फूलपुर के 12 और हंडिया के 12 गांवों सहित कुल 33 गांवों का सत्यापन कार्य जारी है. इसके पूरा होने के बाद 78 गांवों की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और केवल छह ग्राम पंचायतों का कार्य शेष रहेगा.
एडीएम ने 45 गांवों की रिपोर्ट यूपीडा को भेजी
विशेष भू-अध्याप्ति अधिकारी एवं एडीएम नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य ने बताया कि 45 गांवों की रिपोर्ट पहले ही यूपीडा को भेजी जा चुकी है और अब शेष 33 गांवों की सत्यापन रिपोर्ट तैयार की जा रही है. परियोजना की प्रशासनिक नोडल अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि अलाइनमेंट और सत्यापन पूरा होने के बाद यूपीडा भूमि अधिग्रहण और बैनामे की प्रक्रिया शुरू करेगा. इसके लिए संबंधित तहसीलों के अधिकारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में अभी लगभग एक से डेढ़ माह का समय लग सकता है. - इनपुट: शशांक मिश्रा
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










