घर से उठाकर बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीटा, इलाज के दौरान डीएमसीएच में तोड़ा दम
परिजन से प्राप्त मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
दरभंगा में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. 20-25 लोगों ने घर पर हमला कर एक बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इस दौरान बीच-बचाव करने आई मृतक की पत्नी का हाथ भी काट दिया गया.
Crime News: दरभंगा जिला के जमीन और पालतू जानवरों को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. सुपौल जिले के एकमा निवासी 65 वर्षीय नंदकिशोर महतो की दरभंगा के डीएमसीएच (DMCH) में इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि पड़ोस और फरीक के 20 से 25 लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर हमला बोला और बुजुर्ग को उठाकर ले गए, जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई.
घर से उठाकर ले गए और की बेरहमी से पिटाई
मृतक के परिजनों ने बताया कि पालतू जानवरों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दबंगों ने घर पर धावा बोलकर नंदकिशोर महतो को जबरन उठा लिया और एकांत में ले जाकर बुरी तरह पीटा. गंभीर रूप से जख्मी होने पर उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया.
पत्नी का हाथ काटने का आरोप, परिजनों को मिल रही धमकियां
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई मृतक की पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर उनका हाथ काट दिया. मृतक के बेटे का कहना है कि घटना से पहले फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. हत्या के बाद भी आरोपी परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है.
पुलिस ने दर्ज किया फर्द बयान, जांच में जुटी बेंता पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बेंता थाना पुलिस डीएमसीएच पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. बेंता थाना पुलिस ने परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर संबंधित थाने को अग्रिम कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए भेज दिया है. परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार लगाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










