स्कूल जाने की डांट से नाराज छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, फंदे से लटककर दी जान

Author Kumar raushan|Edited by Sumit Kumar
Updated:
विज्ञापन

दरभंगा के हायाघाट में स्कूल जाने की बात से नाराज होकर 14 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रोजाना स्कूल जाने की बात पर परिजनों द्वारा डांटे जाने से क्षुब्ध होकर एक 14 वर्षीया छात्रा ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

14 वर्षीया मुस्कान के रूप में हुई पहचान

मृतका की पहचान हायाघाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी रामप्रसाद पासवान की 14 वर्षीया पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है. वह स्थानीय स्कूल में पढ़ाई करती थी. मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोरी ने अपने ही घर के कमरे में गले में फंदा लगा लिया है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा

सूचना मिलते ही हायाघाट थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे से किशोरी के शव को नीचे उतरवाया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया.

परिजनों का दावा: स्कूल जाने के लिए समझाने पर हुई नाराज

परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मुस्कान अक्सर स्कूल जाने में आनाकानी करती थी. मंगलवार को भी घर के सदस्यों ने उसे नियमित रूप से पढ़ाई करने और रोजाना स्कूल जाने के लिए थोड़ा डांटा व समझाया था. परिजनों के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर उसने कमरे का दरवाजा बंद कर यह आत्मघाती कदम उठा लिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हायाघाट थाना पुलिस हर कोण से छानबीन कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

यह भी पढ़ें...दो घरों से लाखों के आभूषण और नगदी की चोरी, जांच में जुटी डॉग स्क्वायड


विज्ञापन
Kumar Raushan

लेखक के बारे में

By Kumar Raushan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन