दरभंगा : SSP ने की समीक्षा बैठक, कांडों के त्वरित निष्पादन और शराब विनष्टीकरण के दिए कड़े निर्देश

Author Kumar raushan|Edited by Sumit Kumar
Updated:
विज्ञापन

पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी

दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक में शराब विनष्टीकरण, जब्त वाहनों को राजसात करने, पुराने दागियों के सत्यापन और कांडों के त्वरित निष्पादन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. SSP ने पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी.

विज्ञापन

SSP Review Meeting: दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO), अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.

Darbhanga News: शराब विनष्टीकरण और जब्त वाहनों को राजसात करने के निर्देश

समीक्षा बैठक में शराब विनष्टीकरण से संबंधित प्रस्तावों और उसकी अद्यतन विवरणी की गहन समीक्षा की गई. एसएसपी ने निर्देश दिया कि शराबबंदी कानून के तहत जब्त किए गए वाहनों को राजसात कराने के लिए त्वरित प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और पुराने दागियों (हिस्ट्रीशीटरों) का भौतिक सत्यापन करने तथा सत्यापन सूची की नियमित समीक्षा करने को कहा गया.

Bihar Police Action: संपत्ति मूलक अपराधों और डोजियर की समीक्षा

पिछले पांच वर्षों के दौरान दर्ज किए गए संपत्ति मूलक अपराध (जैसे चोरी, डकैती, लूट) के मामलों में आरोप पत्रित (चार्जशीटेड) अभियुक्तों की सूची का भी अवलोकन किया गया. एसएसपी ने अधिकारियों से जानकारी ली कि इनमें से कितने आरोपियों के विरुद्ध डोजियर का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जिन मामलों में देरी हो रही है, वहां तुरंत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.

कांडों का निष्पादन और वारंट-कुर्की की तामीली

अगस्त 2026 में दर्ज कांडों के निष्पादन की प्रगति पर असंतोष जताते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं को लक्ष्य निर्धारित कर मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया. इसके अलावा, अदालतों से प्राप्त लंबित समन, जमानतीय व अजमानतीय वारंट, इश्तिहार और कुर्की के मामलों को समय सीमा के भीतर तामील कराने पर विशेष जोर दिया गया.

गश्ती और छापेमारी तेज करने के निर्देश

बैठक के अंत में जिले में अब तक की गई आकस्मिक जांच, विशेष गश्ती, विशेष छापेमारी और विभागीय कार्रवाइयों की स्थिति की समीक्षा की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए.


विज्ञापन
Kumar Raushan

लेखक के बारे में

By Kumar Raushan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन