दहेज के लिए ससुराल में बंधक बनी बहू को पुलिस ने कराया मुक्त
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 18 May 2024 2:43 PM
दहेज प्रताड़ना के चलते ससुराल में बंधक बनी बहू को 112 की पुलिस ने शुक्रवार को सफलतापूर्वक मुक्त कराया
सदर. दहेज प्रताड़ना के चलते ससुराल में बंधक बनी बहू को 112 की पुलिस ने शुक्रवार को सफलतापूर्वक मुक्त कराया. वहीं पीड़िता को अत्याचार से निजात दिलाते हुए उसे मायके वालों के हवाले कर दिया. मामला सारामोहनपुर गांव का है. बताया जाता है कि सारामोहनपुर निवासी राम प्रसाद शर्मा के पुत्र मोहन शर्मा ने दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी संतोषी शर्मा को कई दिनों से घर में बंद कर रखा था. पति व सास-ससुर द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी. किसी ने इसकी सूचना 112 पुलिस को दी. जानकारी पर 112 की टीम गांव पहुंची. पहुंचते ही घर में बंद लड़की को मुक्त कराया. साथ ही उसके पति को भी गिरफ्तार कर दोनों को सदर थाना लाया. 112 की टीम ने पति-पत्नी दोनों को आपस में तालमेल कर जिंदगी जीने की सलाह देकर छोड़ दिया. हालांकि मायके पक्ष इससे संतुष्ट नहीं हुए. वे लड़की को लेकर अपने घर चले गये. बताया जाता है कि बहेड़ा थाना के बल्ली निवासी स्व. मुकेश शर्मा की पुत्री संतोषी शर्मा की शादी दो वर्ष पूर्व सारामोहनपुर निवासी रामप्रसाद शर्मा के पुत्र मोहन शर्मा से हुई थी. शुरू में दोनों का दाम्पत्य जीवन अच्छा चल रहा था. शादी के छह माह बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा पुत्रवधू से दहेज की मांग की जाने लगी. विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. लड़की को उसके पति, सास, ससुर कई-कई दिनों तक घर में बंद कर रख रहा था. पीड़िता का पति कुशेश्वरस्थान के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गार्ड की नौकरी करता है. इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अमृत कुमार साह ने बताया कि दोनों तरफ से सुलहनामा कर छोड़ दिया होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










