तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़की रोहिणी, तेजस्वी यादव बोले- कल तक रिहा करो वरना होगा आंदोलन

Updated:
विज्ञापन
फोटो सोर्स- रोहिणी आचार्य X हैंडल

फोटो सोर्स- रोहिणी आचार्य X हैंडल

Tej Pratap Yadav Arrest: NEET पेपर लीक प्रदर्शन के बाद तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर बिहार की राजनीति गरमा गई है. रोहिणी आचार्य ने सरकार से सवाल किया है तो तेजस्वी यादव ने भी चेतावनी दी है कि अगर गिरफ्तार छात्रों और तेजप्रताप यादव को जल्द रिहा नहीं किया गया और केस वापस नहीं लिए गए, तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

विज्ञापन

Tej Pratap Yadav Arrest: पटना में NEET पेपर लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस कार्रवाई के बाद उनके छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनकी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य ने सरकार पर हमला बोला.

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आंदोलन के दौरान जिन छात्रों और अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है, उन सभी मामलों को वापस लिया जाना चाहिए. दिल्ली में पहले ही तय हो चुका था कि ऐसे मामलों में केस वापस होंगे.

तेजस्वी ने कहा कि अगर कल तक जेल में बंद लोगों को रिहा नहीं किया गया और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

पेपर लीक को लेकर सरकार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में पिछले 21 वर्षों के दौरान कई बड़ी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं. उन्होंने सिपाही भर्ती, बीपीएससी, NEET और दूसरी परीक्षाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि हर परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी होती है. उनके मुताबिक मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल है और इसी वजह से ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं.

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार और अपराधियों का प्रभाव बढ़ गया है. ईमानदारी से काम करने वालों की बात नहीं सुनी जाती, जबकि गलत काम करने वालों को संरक्षण मिलता है. उन्होंने कहा कि जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलेगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं.


सीवान की घटना का भी किया जिक्र

तेजस्वी यादव ने सीवान की घटना का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने दावा किया कि वहां छात्रों पर AK-47 से गोली चलाई गई, जिसमें तीन छात्र घायल हुए. उन्होंने कहा कि बिहार के कई जिलों से पुलिस कार्रवाई की शिकायतें सामने आई हैं. उनके मुताबिक कई जगह छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए.

तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर गिरफ्तार लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया और छात्रों पर दर्ज सभी मामले वापस नहीं लिए गए, तो विपक्ष राज्यभर में बड़ा आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर तुरंत फैसला लेना चाहिए.


बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

रोहिणी ने भी साधा निशाना

बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा, "बिहार के मुख्यमंत्री से पूछता है बिहार, क्या शिक्षा - व्यवस्था को सुधारने की मांग के साथ जारी छात्रों - युवाओं के आंदोलन , प्रदर्शन को समर्थन देना अपराध है ? सम्राट सरकार की पुलिस के द्वारा तथ्यहीन आरोपों में तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार किया जाना साफ तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. छात्रों, युवाओं, जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाना हर भारतीय नागरिक का मौलिक अधिकार एवं दायित्व है और अपने इसे अधिकार एवं दायित्व का निर्वहन करने की ऐवज में बदले की भावना से गिरफ्तारी की गयी है तेज प्रताप यादव की."

रोहिणी ने आगे लिखा, "विरोध प्रदर्शन के लिए गिरफ्तार किया जाना स्पष्ट तौर पर सरकार के खिलाफ उभरे असंतोष को दबाने की दमनात्मक तानाशाही कार्रवाई का हिस्सा है और सरकार प्रशासन एवं पुलिस बल का दुरूपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को डराने और जन आंदोलनों के प्रभाव को कमजोर करने की कोशिश कर रही है. ये कैसा न्याय है? ये कैसा चलन है? ये कैसी रीत है?"

इसे भी पढ़ें: Bihar Band: सुबह शांत, दोपहर हिंसा, शाम इस्तीफा, बिहार बंद में दिनभर क्या-क्या हुआ


विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन