Darbhanga News: युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने अहल्यास्थान- कमतौल सड़क को किया जाम
Published by : PRABHAT KUMAR Updated At : 07 Sep 2025 10:34 PM
Darbhanga News:अहल्यास्थान- कमतौल सड़क को चहुटा गांव के लोगों ने युवक की हत्या के विरोध में रविवार की सुबह दो जगह बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया.
Darbhanga News: कमतौल. अहल्यास्थान- कमतौल सड़क को चहुटा गांव के लोगों ने युवक की हत्या के विरोध में रविवार की सुबह दो जगह बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. दो जगह टायर आदि रखकर आग लगा दी. इससे दोनों ओर दो, तीन व चार पहिया वाहनों की कतार लग गयी. सड़क जाम की सूचना पर बिस्फी थानाध्यक्ष सदल-बल पहुंचे. आक्रोशित लोगों से सड़क जाम के कारणों की जानकारी ली. घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ बेनीपट्टी अमित कुमार भी सदल-बल पहुंचे. करीब ढाई-तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझाने-बुझा कर पुलिस ने जाम समाप्त करायी. एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात एक युवक की हत्या हो गयी. पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर ली है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. रविवार की सुबह नौ बजे मिट्टी की रस्म अदायगी होनी थी. इसी प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. इसके बाद सड़क जाम व आगजनी जैसी घटना को अंजाम दिया गया. आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया. बताया कि पुलिस की निगरानी में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है. घटना का वीडियो पुलिस के पास है, जिसके आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर लिया गया है. अनहोनी होती है तो चिन्हित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि मधुबनी जिले के बिस्फी थाना के चहुटा वार्ड चार में शुक्रवार की देर शाम एक युवक ने दूसरे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. मृतक की पहचान मो. रहमत व आरोपित की पहचान मो. हन्नान के रूप में की गयी. घटना की सूचना पर एसडीपीओ बेनीपट्टी अमित कुमार, एसडीपीओ सदर-टू कमतौल शुभेन्द्र कुमार सुमन, बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सहित कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी. आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










