पटना से इलाज कराकर मधेपुरा जा रहा था परिवार, गाड़ी डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई, तीन की मौत
Published by : Nishant Kumar Updated At : 23 Nov 2025 1:42 PM
Bihar Accident News: दरभंगा में घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौत और कई घायल हो गए. सभी लोग पटना से इलाज कराकर मधेपुरा लौट रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी हवा में उछलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस जांच में जुटी है.
Bihar Darbhanga Accident News: बिहार में ठंड के कारण कोहरे के प्रभाव अब सड़कों पर दिखने लगा है. बिहार के दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क के बीचो बीच डिवाइडर से टकरा गई. दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं.
पटना से मधेपुरा जा रहे थे
ये सभी लोग पटना से इलाज कराकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे. पुलिस के मुताबिक, मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले गुड्डू कुमार अपनी मां का पटना के एक अस्पताल में इलाज कराकर अपने अन्य परिजनों के साथ एक स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे. इस दौरान स्कॉर्पियो सदर थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई है.
हवा में उड़ गई स्कॉर्पियो
बताया गया कि गाड़ी तेज गति से अनियंत्रित होकर हवा में उछलते हुए एक लेन से दूसरे लेन पर चली गई और डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटाया गया.
पुलिस ने क्या कहा ?
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वे नेशनल हाईवे पर गश्ती कर रहे थे, तभी उन्हें एक स्कॉर्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिली. इसके बाद उन्होंने मौके से स्थानीय लोगों की मदद से वाहन के भीतर से फंसे लोगों को निकलवाकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया.
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई है. सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. घायलों में सबकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. मृतकों में गुड्डू के मामा, मौसा और स्कॉर्पियो का चालक भी शामिल हैं. इसके अलावा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nishant Kumar
Nishant Kumar: निशांत कुमार पिछले तीन सालों से डिजिटल पत्रकारिता कर रहे हैं. दैनिक भास्कर के बाद राजस्थान पत्रिका के डिजिटल टीम का हिस्सा रहें. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के नेशनल-इंटेरनेशनल और स्पोर्ट्स टीम में काम कर रहे हैं. किस्सागोई हैं और देश-विदेश की कहानियों पर नजर रखते हैं. साहित्य पढ़ने-लिखने में रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










