बारिश से किसानों के चेहरे खिले, धान की रोपनी ने पकड़ी रफ्तार
जगवनी गांव में मुख्य सड़क पर जलजमाव,गुजरते वाहन व लोग | Prabhat Khabar Network
अलीनगर में बारिश के बाद धान की रोपनी में तेजी आई है। किसान लक्ष्य पूरा करने में जुटे हैं, लेकिन जलजमाव से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधि, अलीनगर. प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की देर रात से मंगलवार की सुबह तक रुक-रुक कर हुई बारिश और दिनभर छाए बादलों से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. वहीं किसानों की धान की रोपनी में तेजी आ गई है. इससे पहले हुई करीब दो घंटे की बारिश ने भी खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचाकर रोपनी को गति दी थी. हालांकि, कई गांवों में बिचड़ा की कमी और पुरुष मजदूर नहीं मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है. इसके बावजूद महिला मजदूरों के सहयोग से रोपनी का कार्य जारी है. खेतों की जुताई और कदवा का काम अब लगभग पूरी तरह ट्रैक्टर से किया जा रहा है. ऊंचे खेतों में पानी की कमी दूर करने के लिए किसान अब भी पंपसेट का सहारा ले रहे हैं. प्रखंड के श्यामपुर, जगवनी, अलीनगर, सहजौली, पिरहौली, मिर्जापुर, गरौल, हरसिंहपुर, पकड़ी समेत अन्य गांवों में किसान पूरी सक्रियता के साथ रोपनी में जुटे हैं. किसानों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो प्रखंड में निर्धारित 6839 हेक्टेयर धान रोपनी का लक्ष्य समय से पहले पूरा हो सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक करीब 65 से 70 प्रतिशत रोपनी का कार्य पूरा हो चुका है. इधर, मुख्य महथौर-अलीनगर-बिरौल मार्ग पर जगवनी और तुलापट्टी गांव के समीप करीब 100-100 फीट तक की दूरी में सड़क पर जलजमाव होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पैदल चलने वाले और दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन मुश्किल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए