दरभंगा: केवटी बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के 6 ठिकानों पर ईओयू की ताबड़तोड़ छापेमारी
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 27 May 2026 9:34 AM
प्रखंड मुख्यालय परिसर में आर्थिक अपराध इकाई की टीम छापामारी करते हुए
दरभंगा के केवटी बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. पढ़ें पूरी खबर...
दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की.
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने उनके छह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है. केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास, दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास, मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित पैतृक घर तथा सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है.
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सत्यापन के दौरान बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया.
प्रारंभिक जांच में उनके पास 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.03 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई
बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की कार्रवाई चल रही है.
केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुरक्षा के बीच टीम दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है.
कई जिलों में एक साथ चल रही जांच
ईओयू की अलग-अलग टीमें दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










