आरओबी परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, निर्माण एजेंसियों को लगाई फटकार
आरओबी निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा करते डीएम कौशल कुमार | Prabhat Khabar Network
The District Magistrate of Darbhanga has expressed strong displeasure over the slow progress of ongoing Road Over Bridge (ROB) projects. He has issued a stern warning to all construction agencies, engineers, and contractors to expedite work and has stated that negligence will not be tolerated.
दरभंगा: जिले में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई है. बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी कार्यकारी एजेंसियों, अभियंताओं और संवेदकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
चार प्रमुख आरओबी परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में एलसी-18 पंडासराय गुमटी, एलसी-21 चट्टी चौक, कंगवा गुमटी और दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजनाओं की प्रगति, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय और लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई.
पंडासराय गुमटी आरओबी के रेलवे हिस्से का निर्माण शुरू करने से पहले एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच रोड और गेट लॉस्ट का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल बनाए रखने को कहा गया.
चट्टी चौक और कंगवा गुमटी परियोजना पर विशेष जोर
चट्टी चौक आरओबी परियोजना में भू-अर्जन, अतिक्रमण और अन्य प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने सुपर स्ट्रक्चर, नाला निर्माण और टेस्ट पाइल का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने को कहा.
वहीं कंगवा गुमटी आरओबी के निर्माण में तेजी लाने और रेलवे से लंबित स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए.
दिल्ली मोड़ आरओबी के लिए भी दिए अहम निर्देश
दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच सड़क और नाला निर्माण तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया. पुराने रेलवे पुल को तोड़ने के कार्य में अतिरिक्त मानव बल लगाने और आरई पैनलों की उपलब्धता सुनिश्चित कर निर्माण कार्य तेज करने को कहा.
इसके अलावा दोनार गुमटी और पंडासराय गुमटी के पास की सड़कों को जल्द मोटरेबल बनाने के भी निर्देश दिए गए.
अतिक्रमण हटाने और नाला निर्माण पूरा करने का आदेश
डीएम ने सभी एजेंसियों को कार्यस्थलों पर पर्याप्त मानव संसाधन तैनात करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने चट्टी चौक स्थित एसबीआई बैंक के पास नाला निर्माण एक सप्ताह में पूरा कराने और अतिक्रमण के कारण बाधित परियोजनाओं से तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर एसडीओ कुमार गौरव, डीसीएलआर संजीत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राज कुमार रंजन
राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










