दरभंगा: युवाओं ने आपसी सहयोग से कब्रिस्तान में शुरू कराया सोलिंग का काम, लोगों को मिली राहत

प्रतीकात्मक फोटो
Darbhanga News: दरभंगा के पैगंबरपुर गांव में मुस्लिम समुदाय ने आपसी सहयोग से कब्रिस्तान में खड़ंजाकरण शुरू कराया है. तीन लाख रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य से बरसात में दफनाने के दौरान होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिलेगी. पढे़ं पूरी खबर…
दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के पैगंबरपुर गांव में सामुदायिक एकजुटता की अनोखी मिसाल देखने को मिल रही है. गांव के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी सहयोग से कब्रिस्तान में खड़ंजाकरण का काम शुरू कराया है. सरकारी स्तर पर पहल सफल नहीं होने के बाद गांव के युवाओं ने खुद आगे बढ़कर इस काम की जिम्मेदारी संभाली है.
बरसात में होती थी भारी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में कब्रिस्तान तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता था. जगह-जगह घास और कीचड़ होने के कारण मिट्टी देने के दौरान लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. कब्र खोदने और आने-जाने में भी परेशानी होती थी.
युवाओं ने खुद संभाली जिम्मेदारी
गांव के युवा मो. रफीक, मो. वसीम, इफ्तेखार अहमद, मो. हसीन और पंचायत समिति सदस्य अजहर इमाम समेत कई लोगों ने मिलकर आपसी सहयोग से खड़ंजाकरण कार्य शुरू कराया. युवाओं की इस पहल की सराहना गांव के लोग भी कर रहे हैं.
तीन लाख रुपये से हो रहा निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार कब्रिस्तान करीब दस बीघा क्षेत्र में फैला हुआ है और यहां आने-जाने के लिए चार प्रवेश द्वार हैं. पूरे परिसर में करीब दो किलोमीटर तक खड़ंजाकरण कराया जा रहा है. इस कार्य पर लगभग तीन लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जो समुदाय के लोगों के सहयोग से जुटाए गए हैं.
अब नहीं होगी दफनाने में परेशानी
युवाओं का कहना है कि खड़ंजाकरण पूरा होने के बाद बरसात के मौसम में लोगों को मिट्टी देने के दौरान परेशानी नहीं होगी. इससे कब्रिस्तान तक पहुंचना आसान हो जाएगा और लोगों को राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










