दरभंगा: बच्चे को जन्म देकर दुनिया को अलविदा कह गई मां, ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News mother-dies-after-delivery-in-dmch-kamtaul-family-demands-probe

प्रतीकात्मक फोटो

Darbhanga News: दरभंगा के कमतौल की जनसूर्या कुमारी की प्रसव के बाद डीएमसीएच में मौत हो गई. नवजात स्वस्थ है, लेकिन परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा के कमतौल से शिवेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिले के कमतौल से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है. एक परिवार में बच्चे के जन्म की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं. प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से नवजात के सिर से जन्म लेते ही मां का साया उठ गया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है.

प्रसव के बाद बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार कमतौल नगर पंचायत के कमतौल गांव निवासी उदित लिल्हा की पत्नी 23 वर्षीय जनसूर्या कुमारी को शुक्रवार को प्रसव के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का जन्म कराया. नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है, लेकिन प्रसव के कुछ समय बाद ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.

ट्रॉमा सेंटर रेफर, नहीं बच सकी जान

परिजनों के मुताबिक स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जनसूर्या को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. शनिवार को परिजनों ने नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार किया. पति उदित लिल्हा ने पत्नी को मुखाग्नि दी.

इलाज में लापरवाही का आरोप

घटना से आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतका के पति का कहना है कि चिकित्सकीय त्रुटि के कारण उनकी पत्नी की जान गई है और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

बीएससी नर्सिंग पास थीं जनसूर्या

बताया गया है कि जनसूर्या कुमारी बीएससी नर्सिंग उत्तीर्ण थीं. उनके असमय निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर है. एक तरफ घर में नवजात के जन्म की खुशी है, तो दूसरी ओर मां की मौत का गम परिवार को झकझोर रहा है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन