Darbhanga News: दरभंगा जिला परिषद चुनाव: सदन से गायब रहा सीता देवी का खेमा, रेणु देवी के सिर फिर सजा ताज

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 2:36 PM

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा जिला परिषद चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है. निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी खेमे की अनुपस्थिति के बीच पूर्व अध्यक्ष रेणु देवी को सर्वसम्मति से निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष चुन लिया गया है. समर्थकों में भारी जश्न है.पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिला परिषद की राजनीति में बुधवार को एक बड़ा और नया अध्याय जुड़ गया है. निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी के खेमे को करारा झटका देते हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी को सर्वसम्मति से निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष चुन लिया गया है. जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई.

सदन से गायब रहा सीता देवी का खेमा

47 सदस्यीय दरभंगा जिला परिषद के इस चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद थी, लेकिन मतदान के दिन तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई. रेणु देवी अपने 29 समर्थक जिला परिषद सदस्यों के साथ पूरी एकजुटता दिखाते हुए अंबेडकर सभागार पहुंचीं. वहीं दूसरी ओर, निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी सहित उनके खेमे का एक भी पार्षद सदन में उपस्थित नहीं हुआ. विपक्ष की इस सामूहिक अनुपस्थिति ने रेणु देवी की जीत की राह को पूरी तरह निष्कंटक बना दिया.

नामांकन और प्रस्तावक की प्रक्रिया

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की देखरेख में चुनाव की रस्में पूरी की गईं. तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:15 बजे से 12:45 बजे तक नामांकन का समय निर्धारित था. रेणु देवी ने तय समय के भीतर अपना पर्चा दाखिल किया. इस दौरान हायाघाट की जिला परिषद सदस्य काजल देवी रेणु देवी की प्रस्तावक बनीं, जबकि जिला परिषद सदस्य डॉ. नंदकिशोर झा ‘बेचन’ ने उनके नाम का समर्थन किया.

निर्विरोध निर्वाचन की हुई घोषणा

नामांकन पत्रों की जांच के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कई बार घोषणा कर अन्य सदस्यों को नामांकन का मौका दिया. लेकिन समय सीमा खत्म होने तक किसी अन्य प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया. इसके बाद चुनाव अधिकारियों द्वारा रेणु देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. इस हाई-प्रोफाइल चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेक्षक (ऑब्जर्वर) के रूप में एडीएम आपदा, समस्तीपुर खुद मौके पर मौजूद रहे. सुरक्षा के मद्देनजर अंबेडकर सभागार और समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर भारी संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. रेणु देवी के दोबारा कुर्सी पर काबिज होने से समर्थकों में जश्न का माहौल है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन